Scam Alert: क्या आपको भी मिला है PAN कार्ड डाउनलोड करने का ई-मेल? तो जरा संभल जाएं!
PAN कार्ड को लेकर एक नया फिशिंग स्कैम सामने आया है जिसमें 'PAN 2.0' के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। सरकार ने ऐसे फर्जी ईमेल से सतर्क रहने और किसी भी लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है।

विस्तार
इनकम टैक्स विभाग की ओर से 'PAN 2.0' कार्ड के नाम पर चल रही एक नई ऑनलाइन ठगी को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। सरकार ने साफ कहा है कि ऐसा कोई नया PAN कार्ड लॉन्च नहीं किया गया है और इस तरह ईमेल पूरी तरह फर्जी हैं।
लोगों को मिल रहा फर्जी ई-मेल
दरअसल, लोगों को एक ईमेल भेजा जा रहा है जो कि “PAN 2.0 Cards” नाम से आता है और info@smt.plusoasis.com जैसे ईमेल एड्रेस से भेजा जा रहा है। इस मेल में दावा किया जा रहा है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने QR कोड वाला नया PAN कार्ड लॉन्च किया है और यूजर्स को एक लिंक पर क्लिक करके फ्री में "e-PAN" डाउनलोड करने को कहा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: फॉक्सकॉन से निकले चीन के टेक एक्सपर्ट, सरकार बोली– Apple को कोई फर्क नहीं पड़ेगा!
पीआईबी ने किया फैक्टचेक
PIB फैक्ट चेक यूनिट ने इन ईमेल्स को "फेक" बताया है और आम लोगों को चेतावनी दी है कि वे ऐसे किसी मेल पर क्लिक न करें, किसी लिंक या अटैचमेंट को ओपन न करें और न ही कोई जवाब दें।
इनकम टैक्स विभाग ने भी साफ किया है कि वह कभी भी ईमेल के जरिए यूजर्स से पासवर्ड, बैंक अकाउंट या क्रेडिट कार्ड जैसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगता। साथ ही, विभाग किसी प्रकार के डाउनलोड लिंक भी नहीं भेजता।
यह भी पढ़ें: आईफोन का माइक था खराब, लेकिन कंपनी ने मानी नहीं बात! अब लौटाने होंगे 65,000
अगर किसी को इस तरह की संदिग्ध ईमेल प्राप्त होती है, तो तुरंत उसे webmanager@incometax.gov.in या incident@cert-in.org.in पर रिपोर्ट करें।
क्या है फिशिंग स्कैम?
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिशिंग साइबरक्राइम की एक सामान्य तकनीक है जिसमें ईमेल या मैसेज पर फर्जी लिंक भेज यूजर्स को ठगा जाता है। इससे बचने के लिए किसी भी अनजान ई-मेल या मैसेज में दिए लिंक को खोलने से बचें और अपने फोन या कंप्यूटर के एंटीवायरस और फायरवॉल्स को अपडेट रखें।
इनकम टैक्स विभाग ने फिशिंग स्कैम को पहचानने और साइबर सुरक्षा के उपायों को लेकर विस्तृत जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट incometaxindia.gov.in पर दी है।