ओप्पो के इन फोन में आएगा ColorOS 17: एआई से फोटो एडिटिंग और ट्रैवल प्लानिंग होगी आसान, देखें पूरी अपडेट लिस्ट
ओप्पो ने भारत में अपना नया ऑपरेटिंग सिस्टम ColorOS 17 लॉन्च कर दिया है। इसमें AI की मदद से फोटो एडिट करने, फाइल्स व्यवस्थित करने और ट्रैवल प्लान बनाने जैसे कई काम आसान होंगे। कंपनी ने अपडेट का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। ऐसे में किन ओप्पो फोन और टैबलेट को मिलेगा यह नया अपडेट और आपके डिवाइस तक कब पहुंचेगा ColorOS 17? जानिए पूरी डिटेल।

विस्तार
अगर आप ओप्पो स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो आपकी फोन स्क्रीन अब और ज्यादा स्मार्ट, खूबसूरत और सुरक्षित हो सकती है। ओप्पो ने भारत में अपने स्मार्टफोन ऑपरेटिंग सिस्टम का लेटेस्ट वर्जन ColorOS 17 लॉन्च कर दिया है। नए अवतार में आया यह सॉफ्टवेयर अपडेट सिर्फ विजुअल अपग्रेड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एडवांस्ड एआई फीचर्स, सुपर-स्मूथ एनिमेशन और दमदार प्राइवेसी सुरक्षा का एक पैकेज है। कंपनी का दावा है कि यह अपडेट सबसे पहले 22 अक्तूबर 2026 को भारत में दस्तक देने वाली flagship ओप्पो Find X10 सीरीज के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।
ColorOS 17 में क्या-क्या नया है?
- ColorOS 17 में ओप्पो ने लिविंग फ्लो डिजाइन पेश किया है। इसमें विजुअल्स को बेहतर बनाने के साथ स्क्रीन पर एक से दूसरे पेज या फीचर पर जाने के दौरान ट्रांजिशन को स्मूथ किया गया है। साथ ही टच करने पर फोन की प्रतिक्रिया भी ज्यादा तेज और बेहतर होने की उम्मीद है।
- इस अपडेट में एआई माइंड पायलट, एआई फोटो एजेंट, एआई माइंड स्पेस, एआई माइंड सजेस्ट और ओएसी जैसे एआई फीचर्स शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, ये टूल कई रोजमर्रा के कामों में मदद कर सकते हैं।
एआई से फोटो एडिटिंग और ट्रैवल प्लानिंग भी होगी आसान
- इतना ही नहीं ColorOS 17 के एआई टूल फाइल्स को व्यवस्थित करने और तस्वीरों को एडिट करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, यूजर्स ट्रैवल प्लान बनाने जैसे कामों के लिए भी इनका इस्तेमाल कर सकेंगे। इसमें फोन के कैमरे से सामने दिखाई देने वाली चीजों के आधार पर जानकारी पाने की सुविधा भी दी गई है। यानी कैमरे में किसी चीज को दिखाकर उसके बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है।
- नए ColorOS 17 सिस्टम को अधिक स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए इसमें पांच प्रमुख एआई (AI) फीचर्स शामिल किए गए हैं। इस ऑपरेटिंग सिस्टम मेंएआई माइंड पायलट और एआई माइंड स्पेस जैसे शक्तिशाली एआई टूल्स दिए गए हैं, जो आपके रोज के डिजिटल कामों को बेहद आसान बनाते हैं। इसके अलावा, तस्वीरों की एडिटिंग और उससे जुड़े कामों को सरल बनाने के लिए एआई फोटो एजेंट फीचर दिया गया है, जबकि एआई माइंड सजेस्ट आपकी जरूरतों को समझते हुए सही समय पर एआई-आधारित सुझाव प्रदान करता है।
इन फीचर्स का उद्देश्य फोन पर कई कामों को आसान बनाना है। हालांकि, हर टूल की पूरी काम करने की क्षमत और अलग-अलग डिवाइस पर इसकी उपलब्धता की जानकारी संबंधित अपडेट के साथ देखनी होगी।
क्या प्राइवेसी का रखा गया है ध्यान?
एआई फीचर्स के साथ यूजर्स की निजी जानकारी की सुरक्षा भी अहम है। ओप्पो ने ColorOS 17 में प्राइवेसी से जुड़े कई इंतजाम किए हैं। कंपनी के अनुसार, प्राइवेट कंप्यूटिंग क्लाउड के लिए एन्क्रिप्शन दिया गया है। इसके अलावा, AI सेवाओं में डेटा के इस्तेमाल से जुड़ी रिपोर्ट भी मिलेगी। इससे यूजर्स को AI सेवाओं में अपने डेटा के उपयोग के बारे में जानकारी मिल सकेगी। भारत के यूजर्स के लिए AI आधारित कॉल प्रोटेक्शन भी शामिल किया गया है। इस तरह कंपनी ने नए ऑपरेटिंग सिस्टम में AI सुविधाओं के साथ डेटा और कॉल सुरक्षा पर भी ध्यान दिया है।
कब होगी शुरुआत?
भारत में ColorOS 17 की शुरुआत Oppo Find X10 सीरीज के साथ होगी, जो 22 अक्तूबर 2026 को आने वाली है। इसके बाद कंपनी दूसरे योग्य स्मार्टफोन और टैबलेट के लिए अपडेट जारी करेगी।
ओप्पो के शेड्यूल के मुताबिक, अपडेट 29 अक्तूबर से अलग-अलग डिवाइस तक पहुंचना शुरू होगा। कुछ डिवाइस को नवंबर और दिसंबर 2026 में, जबकि अन्य को 2027 की पहली तिमाही में अपडेट मिलेगा।
29 अक्तूबर 2026: किन फोन में मिलेगा अपडेट?
29 अक्तूबर 2026 के अपडेट में ओप्पो फाइंड N6, ओप्पो फाइंड एक्स9 अल्ट्रा, ओप्पो फाइंड X9s, ओप्पो फाइंड X9 प्रो, ओप्पो फाइंड X9 मॉडल शामिल हैं।
30 अक्तूबर 2026: किन डिवाइस के लिए आएगा ColorOS 17?
30 अक्तूबर 2026 को ओप्पो फाइंड एन5, ओप्पो फाइंड एक्स8 प्रो, ओप्पो फाइंड एक्स8, ओप्पो रेनो16 प्रो 5जी, ओप्पो रेनो16 5जी, ओप्पो रेनो16सी 5जी, ओप्पो रेनो16 एफ 5जी और ओप्पो रेनो16 एफएस 5जी शामिल हैं।
नवंबर 2026: इन फोन को मिलेगा नया अपडेट
ओप्पो फाइंड एन3, ओप्पो फाइंड एन3 फ्लिप, ओप्पो रेनो 15 Pro Max 5G, ओप्पो रेनो 15 Pro 5G, ओप्पो रेनो 15 प्रो मिनी 5G, ओप्पो रेनो 15 5G, ओप्पो रेनो 15 F 5G, ओप्पो रेनो 15c 5G, ओप्पो रेनो14 Pro 5G, ओप्पो रेनो14 5G, ओप्पो रेनो14 5G डिवाली एडिशन, ओप्पो रेनो14 FS 5G, ओप्पो रेनो14 F 5G, ओप्पो रेनो14 एफ डास्क साइड लिमिटेड एडिशन, ओप्पो के14x 5G, ओप्पो के14 5G, ओप्पो के13x 5G, ओप्पो F33 5G, ओप्पो F31 5G और ओप्पो F29 5G शामिल है।
दिसंबर 2026: इन स्मार्टफोन और टैबलेट को मिलेगा अपडेट
ओप्पो रेनो 13 प्रो 5जी, ओप्पो रेनो 13 5जी, ओप्पो रेनो 13 एफएस 5जी, ओप्पो रेनो 13 ए, ओप्पो रेनो 13 एफ 5जी, ओप्पो रेनो 13 एफ, ओप्पो के13 टर्बो प्रो 5जी, ओप्पो के13 टर्बो 5जी, ओप्पो के13 5जी, ओप्पो पैड 5, ओप्पो पैड 5 मैट डिस्प्ले एडिशन, ओप्पो पैड 3 प्रो, ओप्पो पैड 3 और ओप्पो पैड 3 मैट डिस्प्ले एडिशन।
2027 की पहली तिमाही: इन डिवाइस को मिलेगा अपडेट
ओप्पो फाइंड एन2 फ्लिप, ओप्पो रेनो 12 5जी, ओप्पो रेनो 12 प्रो 5जी, ओप्पो रेनो 12 प्रो 5जी मनीष मल्होत्रा लिमिटेड एडिशन, ओप्पो रेनो 12 एफ 5जी, ओप्पो एफ33 प्रो 5जी, ओप्पो एफ31 प्रो 5जी, ओप्पो एफ31 प्रो+ 5जी, ओप्पो एफ29 प्रो 5जी, ओप्पो पैड एसई और ओप्पो पैड एसई मैट डिस्प्ले एडिशन।
ColorOS 17 अपडेट से यूजर्स को क्या फायदा होगा?
नए ऑपरेटिंग सिस्टम में AI फीचर्स की मदद से फोटो एडिटिंग, फाइल मैनेजमेंट और ट्रैवल प्लानिंग जैसे काम आसान हो सकते हैं। कैमरे के जरिए सामने मौजूद चीजों के बारे में जानकारी पाने की सुविधा भी रोजमर्रा के इस्तेमाल में उपयोगी हो सकती है।
वहीं, लिविंग फ्लो डिजाइन, स्मूथ ट्रांजिशन और बेहतर टच रिस्पॉन्स से फोन इस्तेमाल करने का अनुभव बेहतर बनाने की कोशिश की गई है। प्राइवेट कंप्यूटिंग क्लाउड के लिए एन्क्रिप्शन, AI डेटा इस्तेमाल की रिपोर्ट और भारत में AI आधारित कॉल प्रोटेक्शन भी इस अपडेट के अहम हिस्से हैं।
ध्यान देने वाली बात यह है कि अपडेट की तारीखें डिवाइस के हिसाब से अलग हैं। इसलिए यूजर्स को अपने फोन या टैबलेट के लिए निर्धारित शेड्यूल देखना पड़ सकता है। सभी डिवाइस पर हर AI फीचर एक जैसा उपलब्ध हो, यह जरूरी नहीं है।