OpenAI: तेज और सटीक जवाब देगा ओपनएआई का नया लैंग्वेज मॉडल, कंपनी ने GPT-5.1 लॉन्च किया
ओपनएआई ने अपना नया लैंग्वेज मॉडल GPT-5.1 लॉन्च कर दिया है। यह चैटजीपीटी की परफॉर्मेंस और बातचीत की क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए बनाया गया है। इस अपडेट में दो मॉडल GPT-5.1 इंसटेंट और GPT-5.1 थिंकिंग शामिल हैं।

विस्तार
ओपनएआई ने अपना नया लैंग्वेज मॉडल GPT-5.1 लॉन्च कर दिया है। यह चैटजीपीटी की परफॉर्मेंस और बातचीत की क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए बनाया गया है।
GPT-5.1 के दो वर्जन
इस अपडेट में दो मॉडल GPT-5.1 इंसटेंट और GPT-5.1 थिंकिंग शामिल हैं। GPT-5.1 तेज और सटीक जवाब देता है, साथ ही यूजर की बात को अच्छे से समझकर जवाब तैयार करता है। GPT-5.1 थिंकिंग लंबी या जटिल बातचीत में समानता बनाए रखता है और सोच-समझकर जवाब देता है। चैटजीपीटी खुद तय करेगा कि किस सवाल के लिए कौन सा मॉडल इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा। दोनों वर्जन अगले हफ्ते से सभी यूजर्स को मिलना शुरू होंगे। पुराने GPT-5 मॉडल्स तीन महीने तक 'लेगेसी मॉडल' सेक्शन में रहेंगे, उसके बाद हटा दिए जाएंगे।
चैटजीपीटी के नए कस्टमाइजेशन फीचर्स
ओपनएआई ने चैटजीपीटी में व्यक्तित्व के कई नए प्रीसेट स्टाइल्स जोड़े हैं। अब यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से आठ टोन में से चुन सकते हैं: डिफॉल्ट, प्रोफेशनल, फ्रेंडली, कैंडिड, क्विर्की, एफिसिएंट, नर्डी, और सिनिकल। इससे यूजर चैटजीपीटी की बोलने की स्टाइल (टोन) को अपने हिसाब से सेट कर पाएंगे जैसे कि प्रोफेशनल, फ्रेंडली या मजेदार विकल्प चुन कर आप अपने हिसाब से चैट को ढाल सकते हैं। कंपनी एक नया फीचर भी टेस्ट कर रही है, जिससे यूजर सेटिंग्स में जाकर चैटजीपीटी की कम्युनिकेशन स्टाइल को खुद एडजस्ट कर सकेंगे। यह फीचर धीरे-धीरे सभी यूजर्स को मिलेगा। ओपनएआई की एप्लीकेशंस सीईओ फिजी सिमो ने बताया कि अब जब चैटजीपीटी के 80 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं, तो हर किसी के लिए एक ही टोन काम नहीं कर सकती। इसलिए कस्टमाइजेशन जरूरी हो गया है।
यूजर्स का फीडबैक और प्रतिस्पर्धा
GPT-5 का पहला वर्जन अगस्त में आया था, लेकिन उसे मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं। कई यूजर्स ने कहा कि इसमें पुराने मॉडल्स से बहुत ज्यादा फर्क नहीं दिखा। इसी वजह से ओपनएआई ने बाद में GPT-4o को दोबारा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया। इस बीच, ओपनएआई का साझेदार माइक्रोसॉफ्ट अब एंथ्रोपिक के मॉडल्स को भी आजमा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट इन मॉडल्स को अपने कई एआई टूल्स जैसे कोपायलट रिसर्चर, गिटहब कोपायलट, कोपायलट स्टूडियो, और वर्ड, पावरपाइंट के नए ऑफिस एजेंट में शामिल करने की योजना बना रहा है।
चैटजीपीटी एटलस और GPT-5.1 का कनेक्शन
GPT-5.1 का लॉन्च ओपनएआई के हाल ही में आए चैटजीपीटी एटलस के बाद हुआ है। एटलस एक एआई-पावर्ड वेब ब्राउजर है जिसमें 'एजेंट मोड' दिया गया है। यह फीचर अभी सिर्फ चैटजीपीटी प्लस और प्रो यूजर्स के लिए है, और इससे आप एआई की मदद से सीधे वेब ब्राउजर पर काम कर सकते हैं।