अब एक साल मुफ्त चलाएं चैटजीपीटी प्लस: ओपनएआई का भारतीय शोधकर्ताओं को खास तोहफा, जानें कैसे उठा सकते हैं लाभ
सार
- भारत में शुरू हुई नई रिसर्च पहल।
- 12 महीने मुफ्त मिलेगा चैटजीपीटी प्लस।
- 50 हजार नए ग्रांट देगी कंपनी।
- आवेदन 30 नवंबर से शुरू होंगे।
विज्ञापन

विस्तार
एआई की मदद से रिसर्च करने वाले भारतीय शोधकर्ताओं के लिए शानदार खबर है। ओपनएआई ने भारत में चैटजीपीटी फॉर एकेडमिक रिसर्चर्स पहल शुरू की है। इसके तहत चुनिंदा संस्थानों के योग्य रिसर्च फैकल्टी और पोस्टडॉक्टरल शोधकर्ता 12 महीने तक चैटजीपीटी प्लस का फ्री में इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी इस कार्यक्रम के तहत दुनियाभर में 50 हजार नए ग्रांट देगी। खास बात यह है कि हर ग्रांट के साथ तीन लोगों को चैटजीपीटी प्लस का एक्सेस मिलेगा। आइए जानते हैं इस पहल से जुड़ी जरूरी बातें।
भारत में शुरू हुई चैटजीपीटी फॉर एकेडमिक रिसर्चर्स पहल
- ओपनएआई ने मंगलवार को भारत में चैटजीपीटी फॉर एकेडमिक रिसर्चर्स' कार्यक्रम शुरू करने की जानकारी दी। इस पहल का मकसद विज्ञान, गणित और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले शोधकर्ताओं को एआई टूल की मदद से अपनी रिसर्च को आगे बढ़ाने का मौका देना है। इसके तहत चुनिंदा संस्थानों के योग्य रिसर्च फैकल्टी और पोस्टडॉक्टरल शोधकर्ता 12 महीने तक चैटजीपीटी प्लस का मुफ्त एक्सेस पाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
- कंपनी का कहना है कि भारत में शुरू किया गया यह कार्यक्रम एक बड़े वैश्विक प्रोग्राम का हिस्सा है। इसके तहत योग्य शोधकर्ताओं को 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर 50,000 नए ग्रांट दिए जाएंगे। इसके लिए आवेदन 30 नवंबर से शुरू होंगे।
- इस पहल की खास बात है कि यह हर नए ग्रांट के तहत एक रिसर्च वर्कस्पेस में चैटजीपीटी प्लस की तीन सीटें दी जाएंगी। इसका मतलब है कि एक ग्रांट मिलने पर मुख्य शोधकर्ता के साथ उनके दो अन्य सहयोगी भी इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। यानी एक ही रिसर्च टीम के तीन सदस्यों को 12 महीने तक चैटजीपीटी प्लस का एक्सेस मिलेगा।
- साथ ही ओपनएआई ने इस कार्यक्रम के जरिए दुनियाभर में दो लाख शोधकर्ताओं को मुफ्त चैटजीपीटी एक्सेस देने का लक्ष्य रखा है। यह संख्या जुलाई में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करते समय तय किए गए लक्ष्य से दोगुनी है।
- ओपनएआई में भारत और एशिया-पैसिफिक के लिए शिक्षा प्रमुख, राघव गुप्ता ने इस पहल पर बात करते हुए बताया कि कुछ महीने पहले पायलट प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद से, भारतीय संस्थानों ने चैटजीपीटी फॉर एकेडमिक रिसर्चर्स में सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि शिक्षा के क्षेत्र में कंपनी का मुख्य फोकस एक्सेस को कौशल, संस्थागत साझेदारी और शोध के साथ जोड़ने पर रहा है, और यह नई पहल इसी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
चैटजीपीटी रिसर्च के किन कामों में मदद करेगा?
- वैज्ञानिक साहित्य और रिसर्च पेपर पढ़ना।
- नई परिकल्पनाएं (Hypotheses) बनाना और उनका परीक्षण करना।
- रिसर्च से जुड़े डेटा का विश्लेषण करना।
- रिसर्च कोड लिखना और उसमें सुधार करना।
- कोड में मौजूद गलतियों को ठीक करना (Debug)।
- ग्रांट के लिए आवेदन तैयार करना।
- शोध पत्र (Manuscripts) लिखना और तैयार करना।
- इस तरह शोधकर्ता अपने रिसर्च वर्क के अलग-अलग चरणों में चैटजीपीटी की मदद ले सकेंगे।
इतना ही नहीं कंपनी ने बताया कि इस कार्यक्रम में केवल मुफ्त ChatGPT Plus एक्सेस ही नहीं मिलेगा, बल्कि इसके साथ ट्रेनिंग और व्यावहारिक सहायता भी दी जाएगी।