OpenAI Atlas: ओपनएआई ने लॉन्च किया 'एटलस' ब्राउजर, एआई फीचर्स से देगा गूगल क्रोम को कड़ी टक्कर

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 22 Oct 2025 10:33 AM IST
सार

OpenAI ने अपने पहले AI वेब ब्राउजर ChatGPT Atlas को लॉन्च किया है, जो न सिर्फ इंटरनेट सर्च करता है बल्कि यूजर की ओर से वेबसाइट्स पर जाकर रिसर्च, खरीदारी और प्लानिंग जैसी कई स्मार्ट टास्क भी कर सकता है।

openai launches chatgpt atlas ai web browser with agentic mode
ChatGPT Atlas - फोटो : OpenAI

    विस्तार

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाते हुए OpenAI ने मंगलवार को ChatGPT Atlas पेश किया है। यह कंपनी का पहला AI-बेस्ड वेब ब्राउजर है। यह ChatGPT और Sora एप के बाद OpenAI का तीसरा कंज्यूमर प्रोडक्ट है। फिलहाल यह केवल macOS के लिए उपलब्ध है और इसमें GPT-5 मॉडल का इस्तेमाल किया गया है।

    AI ब्राउजर रेस में उतरा OpenAI

    ChatGPT Atlas को एक लाइव इवेंट के दौरान पेश किया गया, जिसमें इसकी प्रमुख खूबियों को दिखाया गया। यह ब्राउजर दिखने में साधारण है, लेकिन इसके अंदर GPT-5 मॉडल की ताकत छिपी है। कंपनी का कहना है कि Windows, iOS और Android के लिए इसका सपोर्ट जल्द जोड़ा जाएगा। फिलहाल, इसका बेसिक वर्जन सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध है, जबकि एजेंट फीचर केवल पेड सब्सक्राइबर्स को मिलेगा।

    कैसे काम करता है ChatGPT Atlas?

    Atlas का होम पेज ChatGPT इंटरफेस जैसा है, जिसमें एक साइड पैनल में हाल की चैट्स दिखाई देती हैं। यहां यूजर या तो सवाल टाइप कर सकते हैं या सीधे किसी वेबसाइट का URL डालकर वहां पहुंच सकते हैं। यह ब्राउजर एक स्मार्ट साइडबार असिस्टेंट के साथ आता है, जो किसी भी टैब पर कंटेंट समझने, प्रोडक्ट तुलना करने या डेटा एनालिसिस जैसी मदद कर सकता है।

    यूजर की पसंद याद रखेगा AI

    OpenAI ने Atlas में “ब्राउजर मेमोरी” फीचर जोड़ा है, जिससे यह पिछले सेशंस को याद रख सकता है और उसी आधार पर अनुभव को पर्सनलाइज करता है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि यूजर को पूरी कंट्रोल मिलेगी कि ब्राउजर क्या याद रखे और क्या नहीं।

    Atlas का सबसे चर्चित फीचर है एजेंट मोड, जो AI ब्राउजर को यूजर की तरफ से वेबसाइट्स से बातचीत करने की क्षमता देता है। यह फीचर ब्राउजर को कई वेबसाइट्स पर रिसर्च करने, प्रोडक्ट खरीदने और ट्रिप प्लान करने की ताकत देता है। फिलहाल यह फीचर ChatGPT Plus, ChatGPT Pro और Business यूजर्स के लिए प्रीव्यू रूप में उपलब्ध है।