AI: ओपनएआई भारत के साथ काम करने को उत्साहित, सीईओ सैम ऑल्टमैन ने भारत को बताया सबसे अहम साझेदारों में से एक
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा है कि भारत आने वाले समय में ओपनएआई के सबसे अहम साझेदारों में से एक बनने जा रहा है। उन्होंने यह बात सैन फ्रांसिस्को में हुए इंडिया ग्लोबल फोरम के एक सत्र के दौरान कही।

विस्तार
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा है कि भारत आने वाले समय में ओपनएआई के सबसे अहम साझेदारों में से एक बनने जा रहा है। उन्होंने यह बात सैन फ्रांसिस्को में हुए इंडिया ग्लोबल फोरम (IGF) के एक सत्र के दौरान कही। ऑल्टमैन ने कहा कि उन्हें भारत की कंपनियों, इंजीनियरों और उनकी सोच पर बहुत भरोसा है। उन्होंने कहा कि भारत के पास मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्यमशीलता की भावना और अच्छी नीति माहौल है, जिसकी वजह से देश एआई की दुनिया में बड़ा योगदान देने की स्थिति में है।
'ओपनएआई फॉर कंट्रीज' प्रोग्राम पर मिलकर काम करेंगे
ऑल्टमैन ने बताया कि ओपनएआई भारत सरकार के साथ अपने 'ओपनएआई फॉर कंट्रीज' प्रोग्राम पर मिलकर काम करने को लेकर बहुत उत्साहित है। उन्होंने कहा 'अगर मैं किसी सरकार की जगह होता, तो मैं यह सुनिश्चित करता कि हमारे पास न सिर्फ मॉडल और हार्डवेयर हों, बल्कि पूरा एआई सिस्टम हमारे अपने कंट्रोल में हो"
लगातार बढ़ रही है अमेरिका और भारत के बीच तकनीकी साझेदारी
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच तकनीकी साझेदारी लगातार बढ़ रही है और भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था और एआई क्षमताएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
भारत के प्रतिभा की तारीफ
सत्र में भारत के टैलेंट पूल की भी तारीफ की गई। बताया गया कि भारत का आईटी सर्विस मार्केट 2025 तक करीब 40 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। अब जरूरत है कि इन संसाधनों को एआई टेक्नोलॉजी में बदला जाए जिससे पूरी दुनिया को फायदा हो।
सही सवाल कैसे पूछा जाए, यह होगा भविष्य का कौशल
ऑल्टमैन ने कहा कि आने वाले वर्षों में एआई हमारी अर्थव्यवस्था और समाज को पूरी तरह बदलने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि "भविष्य की सबसे बड़ा कौशल यही होगा कि सही सवाल पूछना कैसे सीखा जाए और यह एक ऐसा कौशल है जिसे हर कोई सीख सकता है"
भारत दुनिया की तकनीकी भविष्य का सह-निर्माता
इंडिया ग्लोबल फोरम के फाउंडर और चेयरमैन मनोज लाडवा ने कहा कि ऑल्टमैन का यह बयान साबित करता है कि भारत अब सिर्फ एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि दुनिया के तकनीकी भविष्य का सह-निर्माता है।
सरकारी सेवाओं में एआई के उपयोग पर बातचीत
सत्र में भारत की डीप टेक ग्रोथ, भारतीय कंपनियों की ग्लोबल मौजूदगी और एआई-फर्स्ट दुनिया में नई पीढ़ी को स्किल करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, हेल्थकेयर, एजुकेशन और सरकारी सेवाओं में एआई के उपयोग से होने वाले संभावित बदलावों पर भी बात हुई।
एआई से सभी की प्रगति और भागीदारी का लक्ष्य
अंत में ऑल्टमैन ने कहा कि ओपनएआई का लक्ष्य है कि एआई को समाज और अर्थव्यवस्था में इस तरह शामिल किया जाए, जिससे सबको फायदा हो। यानी प्रगति भी हो और सबकी भागीदारी भी।