Chatgpt: ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन बोले, समाज के हाथों में हो एआई का नियंत्रण
दुबई में वर्ल्ड गवर्नेमेंट समिट को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ चीजें हैं, जिनकी कल्पना करना आसान है कि चीजें वास्तव में कहां गलत हो रही हैं। हमारे समाज में कुछ व्यवस्थाएं हैं, जो किसी गलत इरादे के साथ मौजूद नहीं हैं, लेकिन एआई को इन व्यवस्थाओं के साथ संरेखित करना बेहद संवेदनशील काम है।

विस्तार
चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने मंगलवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक अपेक्षाकृत ज्यादा तेजी से विकसित हो रही है और दुनिया इसके नियमन के मामले में काफी पीछे है। ऑल्टमैन ने कहा कि एआई का नियंत्रण कंपनियों के हाथों में नहीं, बल्कि समाज के हाथ में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह एआई पर नियंत्रण के बारे में विचार करते हुए रात-रातभर सो नहीं पाते हैं। उनके दुस्वप्नों में एआई संचालित किलर रोबोट सड़कों पर लोगों की बेवजह जान नहीं लेते हैं, बल्कि वे एआई पर प्रभावी सामाजिक नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने को लेकर चिंतित हैं। दुबई में वर्ल्ड गवर्नेमेंट समिट को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ चीजें हैं, जिनकी कल्पना करना आसान है कि चीजें वास्तव में कहां गलत हो रही हैं। हमारे समाज में कुछ व्यवस्थाएं हैं, जो किसी गलत इरादे के साथ मौजूद नहीं हैं, लेकिन एआई को इन व्यवस्थाओं के साथ संरेखित करना बेहद संवेदनशील काम है। इस संरेखण में जरा सी चूक एआई को घातक बना सकती है। ऑल्टमैन ने कहा कि पूरी दुनिया को एआई के संबंध में समाज को साथ लेते हुए नियम बनाने होंगे।