भारतीय प्रीमियम मोबाइल बाजार का नया खिलाड़ी 'वनप्लस', एप्पल-सैमसंग को छोड़ा पीछे

चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी वनप्लस ने भारतीय प्रीमियम मोबाइल बाजार में एप्पल जैसी दिग्गज कंपनी को पीछे छोड़ दिया है। साल 2018 की पहली तिमाही में 30,000 रुपये तक के स्मार्टफोन बाजार में वनप्लस ने बाजी मारी है, इस मामले में सैमसंग दूसरे और एप्पल तीसरे नंबर पर हैं। ये आंकड़े रिसर्च कंपनी काउंटरप्वाइंट की रिपोर्ट से सामने आए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2018 का अप्रैल-जून वनप्लस के लिए काफी शानदार रहा। इस अवधि में वनप्लस 6 ने कंपनी को नए मुकाम पर पहुंचाने में मदद की है। इसके अलावा ऑफलाइन स्टोर का विस्तार करना भी कंपनी ने लिए काफी फायदेमंद रहा है। इस रिपोर्ट पर वनप्लस इंडिया के जेनरल मैनेजर विकास अग्रवाल का कहना है कि वनप्लस ने 3 साल के भीतर भारतीय बाजार में अपनी पैठ बनाई है। उन्होंने आगे कहा कि साल के अंत तक 10 अन्य ऑफलाइन स्टोर खोले जाएंगे और 4 एक्सपेरियंस सेंटर भी खुलेंगे। अग्रवाल के मुताबिक वनप्लस अपने सभी स्मार्टफोन भारत में ही तैयार करती है।
काउंटरप्वाइंट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत में प्रीमियम स्मार्टफोन के बाजार में अप्रैल-जून 2018 में वनप्लस की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक रही, जो कि पिछले साल की पहली तिमाही में 9 फीसदी थी। वहीं सैमसंग की प्रीमियम सेग्मेंट में हिस्सेदारी 35 फीसदी और एप्पल की 14 फीसदी है। यह पहला मौका है जब भारतीय बाजार में एप्पल की हिस्सेदारी इतनी कम हुई है। वनप्लस ने प्रीमियम सेग्मेंट में वीवो, ओप्पो और हुवावे को भी पीछे छोड़ दिया है।
वैसे भारतीय स्मार्टफोन बाजार की बात करें तो सैमसंग और शाओमी की कड़ी टक्कर चल रही है। रिसर्च में कहा गया है कि भारत में 20,000 रुपये तक के मोबाइल बाजार में चाइनीज मोबाइल कंपनियों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत तक हो गई है जो कि साल 2014 में 17 फीसदी थी। काउंटरप्वाइंट रिसर्च पार्टनर और रिसर्च डायरेक्टर नील शाह का कहना है कि चाइनीज कंपनियों ने भारत में अपने फोन के वितरण को काफी हद तक बढ़ा दिया है और वे बाजार को बेहतर तरीके से समझ रही हैं। ऐसे में एप्पल और सैमसंग को बाजार को समझने के लिए नए तरीके इजाद करने होंगे।
आंकड़ों पर एक नजर
रेवेन्यू के लिहाज से भारत की टॉप 5 स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां
सैमसंग- 31.20 फीसदी
शाओमी- 21.90 फीसदी
वीवो- 13.60 फीसदी
वनप्लस- 4 फीसदी
नोट- ये सभी आंकड़े साल 2018 के अप्रैल-जून के बीच के हैं
गौरतलब है कि कंपनी ने इसी साल 17 मई को मुंबई में आयोजित एक इवेंट में वनप्लस 6 को लॉन्च किया है। फोन की बिक्री ऑफलाइन स्टोर के अलावा अमेजॉन इंडिया से भी हो रही है। वनप्लस 6 को रेड, मिडनाइट ब्लैक, मिरर ब्लैक, सिल्क व्हाइट जैसे कलर वेरियंट में खरीदा जा सकता है। फोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.28 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 मिलेगा, हालांकि कुछ दिनों बाद यूजर्स को एंड्रॉयड पी का बीटा वर्जन मिल जाएगा। OnePlus 6 को पूरी तरह से वाटरप्रूफ है। इसके अलावा फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर है और रियर पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर है।
फोन में 3300mAh की बैटरी है जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि आधे घंटे की चार्जिंग में यह फोन दिनभर का बैकअप मिलेगा। फोन में हेडफोन जैक भी दिया गया है। OnePlus 6 के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 16 मेगापिक्सल का और दूसरा 20 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 16 मेगापिक्सल का है। रियर कैमरे से 4के वीडियो शूट किया जा सकेगा। फोन में कनेक्टिविटी के लिए 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई 802.11एसी, ब्लूटूथ 5.0, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट और 3.5 हेडफोन जैक दिया गया है।