Employees Stock Grant: Nvidia की भारतीय कर्मचारियों पर धनवर्षा! 'बोनस' में बांटे शेयर्स और बना दिया करोड़पति

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Wed, 15 Apr 2026 04:35 PM IST
सार

Nvidia Employee Bonus India:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती डिमांड के बीच, टेक दिग्गज Nvidia ने अपने भारतीय कर्मचारियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने भारत में काम कर रहे करीब 10 हजार कर्मचारियों को 'जेन्सन स्पेशल ग्रांट' के तहत 5 लाख से 1 करोड़ रुपये तक के एक्स्ट्रा शेयर्स बांटे हैं।

विज्ञापन
Nvidia rewards employees with massive stock grants worth up to 1 Crore rupees
एनवीडिया ने कर्मचारियों को बांटे करोड़ो के शेयर्स (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एनवीडिया

    विस्तार

    आजकल पूरी दुनिया में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जानकारों की भारी मांग है। ऐसे में दिग्गज टेक कंपनी Nvidia ने अपने कर्मचारियों को रोकने और उन्हें खुश करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। खबरों के मुताबिक, कंपनी ने भारत में अपने करीब 10 हजार कर्मचारियों को एक खास तोहफा दिया है, जिसे 'जेन्सन स्पेशल ग्रांट' नाम दिया गया है।

    इस स्कीम के तहत, कंपनी ने कर्मचारियों को उनकी पोस्ट और अनुभव के आधार पर 5 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक के एक्स्ट्रा शेयर्स दिए हैं। यानी सैलरी के अलावा कंपनी ने कर्मचारियों को हिस्सेदारी देकर मालामाल होने का एक शानदार मौका दिया है।

    विज्ञापन

    कैसे काम करता है Nvidia का यह स्टॉक ग्रांट?

    Nvidia का यह खास बोनस सुनने में किसी लॉटरी जैसा लग सकता है, लेकिन इसे पाने का तरीका काफी अलग है। यह पैसा किसी कैश इनाम की तरह बैंक खाते में एक साथ नहीं आता, बल्कि कंपनी इसे किस्तों में देती है। इस योजना के तहत, कर्मचारियों को पहले से मिल रहे शेयर्स (RSUs) के अलावा 25% एक्स्ट्रा शेयर्स दिए गए हैं। इन शेयर्स की कीमत लगभग 74,460 रुपये ($898.2) प्रति शेयर के हिसाब से तय की गई है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    कंपनी का असली मकसद इन शेयर्स के जरिए अपने टैलेंटेड कर्मचारियों को लंबे समय तक साथ जोड़े रखना है। कंपनी चाहती है कि कर्मचारी सिर्फ सैलरी के लिए नहीं, बल्कि कंपनी की कामयाबी में हिस्सेदार बनकर काम करें। इसीलिए, यह बोनस एक साथ न देकर 4 साल की किस्तों में बांटा जाएगा। इसकी पहली किस्त सितंबर 2024 में दी जा चुकी है और बाकी के शेयर्स साल 2028 तक हर तीन महीने में थोड़े-थोड़े करके दिए जाएंगे। इससे जैसे-जैसे समय बीतेगा और कंपनी तरक्की करेगी, कर्मचारियों की कमाई भी धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी।

    एक उदाहरण से समझें

    इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए कि Nvidia में काम करने वाले एक कर्मचारी को इस नई स्कीम के तहत 8 एक्स्ट्रा शेयर्स (RSUs) मिले, जिनकी उस समय कीमत करीब 5.3 लाख रुपये थी। यह बोनस उसे उस सैलरी और 21.5 लाख रुपये के सालाना स्टॉक्स के ऊपर मिला, जो उसे पहले से मिल रहे थे।

    देखने में 8 शेयर्स कम लग सकते हैं, लेकिन जब पुराने और नए शेयर्स आपस में जुड़ते गए तो उस कर्मचारी के पास कुल 156 शेयर्स जमा हो गए। आज इन शेयर्स की कुल कीमत 1.2 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो चुकी है। यह दिखाता है कि कंपनी की तरफ से मिलने वाले ये छोटे-छोटे शेयर बोनस समय के साथ कैसे चुपचाप एक मोटी रकम में बदल जाते हैं और कर्मचारी को करोड़पति बना देते हैं।

    टेक इंडस्ट्री की कमाई में 'स्टॉक्स' का बड़ा खेल

    आज के समय में बड़ी टेक कंपनियों में नौकरी करने का मतलब सिर्फ महीने की फिक्स्ड सैलरी नहीं रह गया है। Nvidia जैसी दिग्गज कंपनियों के आंकड़े बताते हैं कि अब कर्मचारियों की कमाई का एक बहुत बड़ा हिस्सा कंपनी के शेयर्स से आता है। कई बड़े पदों पर तो आलम ये है कि कर्मचारी जितनी कुल कमाई करता है, उसका 50 से 75 प्रतिशत हिस्सा केवल इन शेयर्स से ही मिलता है।

    यही वजह है कि AI और चिप डिजाइन जैसे खास क्षेत्रों में काम करने वाले इंजीनियर्स का सालाना पैकेज 2 करोड़ से 3 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है। यहां तक कि एक सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी साल भर में औसतन 1.8 करोड़ रुपये के करीब कमा लेता है।

    एक्सपर्ट्स का मानना है कि टेक कंपनियों के लिए यह शेयर वाला मॉडल बहुत फायदेमंद है। इससे न केवल अच्छे टैलेंटेड लोग कंपनी छोड़कर नहीं जाते, बल्कि कर्मचारियों की तरक्की भी सीधे कंपनी की कामयाबी से जुड़ जाती है। आसान शब्दों में कहें तो जैसे-जैसे कंपनी का मुनाफा और मार्केट में उसकी वैल्यू बढ़ती है, वैसे-वैसे वहां काम करने वाले लोग भी बड़ी तेजी से अमीर बनते चले जाते हैं।

    फ्रेशर्स के लिए क्या हैं मौके?

    Nvidia में सिर्फ अनुभवी लोगों की ही नहीं, बल्कि करियर की शुरुआत करने वाले फ्रेशर्स की भी सैलरी काफी शानदार है। नए और कम अनुभव वाले कर्मचारियों को उनके काम और पद के हिसाब से 10 लाख से 32 लाख रुपये तक का सालाना पैकेज मिलता है।

    सबसे अच्छी बात यह है कि अब कंपनी इन नए कर्मचारियों को भी हर महीने मिलने वाली सैलरी के साथ-साथ कंपनी के शेयर्स दे रही है। इससे फायदा यह है कि भविष्य में जैसे-जैसे कंपनी बढ़ेगी, इन युवाओं के पास भी मोटी रकम जमा करने और बेहतरीन मुनाफा कमाने का मौका होगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें