Nvidia का बड़ा ऐलान: Intel में करेगी 5 अरब डॉलर का निवेश, साझेदारी में विकसित होंगे नए AI और PC इकोसिस्टम

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Thu, 18 Sep 2025 06:53 PM IST
सार

चिप निर्माण में दुनिया की दिग्गज कंपनी Nvidia ने मुश्किल दौर से गुजर रही Intel में 5 अरब डॉलर का निवेश करने का ऐलान किया है। दोनों कंपनियां मिलकर AI इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्सनल कंप्यूटर से जुड़े प्रोडक्ट्स पर काम करेंगी।

nvidia intel 5 billion investment ai pc collaboration
एनवीडिया - फोटो : adobestock

    विस्तार

    दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी Nvidia ने गुरुवार को बताया कि वह Intel में 5 अरब डॉलर का निवेश करेगी। यह निवेश Intel के कॉमन स्टॉक को 23.28 डॉलर प्रति शेयर की दर से खरीदकर किया जाएगा। हालांकि, डील को अंतिम रूप देने के लिए रेग्युलेटरी मंजूरी जरूरी होगी।

    AI और पर्सनल कंप्यूटर पर साझेदारी

    दोनों कंपनियां मिलकर कस्टम डेटा सेंटर्स और पीसी प्रोडक्ट्स पर काम करेंगी। ये डेटा सेंटर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर का आधार बनेंगे। Nvidia का कहना है कि यह सहयोग दोनों कंपनियों के इकोसिस्टम को मजबूत करेगा और अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग को नई दिशा देगा।

    जेनसन हुआंग का बयान

    Nvidia के CEO जेनसन हुआंग ने कहा, “यह ऐतिहासिक साझेदारी Nvidia के AI और एक्सीलरेटेड कंप्यूटिंग स्टैक को Intel के CPUs और x86 इकोसिस्टम के साथ जोड़ती है। हम मिलकर टेक्नोलॉजी की नई नींव रखेंगे।”

    कभी पीसी प्रोसेसर के क्षेत्र में बादशाह रही Intel, मोबाइल कंप्यूटिंग की रेस में iPhone के आने के बाद पिछड़ गई थी। हाल के वर्षों में AI के तेज विस्तार ने Nvidia को दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी बना दिया, जबकि Intel संघर्ष करती रही। Nvidia का यह निवेश Intel के लिए बड़ी राहत और नया सहारा साबित हो सकता है। इस घोषणा के तुरंत बाद प्री-मार्केट ट्रेडिंग में Intel के शेयर 30% तक उछल गए, जबकि Nvidia के शेयरों में 3% की बढ़त देखने को मिली।