तकनीक का कमाल: Metaverse में कर सकेंगे चुंबन, किसी खास को कर सकेंगे महसूस
एक नई टेक्नोलॉजी की मदद से मेटावर्स में लोग अपने पार्टनर को किस कर सकेंगे और उसे महसूस कर सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक मेटावर्स में आप अपने पार्टनर के पास ना होते हुए भी उसके होठों को महसूस कर सकेंगे और उसे किस कर सकेंगे।

विस्तार
मेटा (फेसबुक) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने जब मेटावर्स का एलान और कंपनी का नाम मेटा रखा तो शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि मेटावर्स कौन-दुनिया है, लेकिन अब मेटावर्स में शादियां हो रही हैं, लोग जमीन खरीद रहे हैं और म्यूजिक कंसर्ट होने लगे हैं।
अब मेटावर्स को लेकर एक नया अपडेट आया है। कहा जा रहा है कि एक नई टेक्नोलॉजी की मदद से मेटावर्स में लोग अपने पार्टनर को किस कर सकेंगे और उसे महसूस कर सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक मेटावर्स में आप अपने पार्टनर के पास ना होते हुए भी उसके होठों को महसूस कर सकेंगे और उसे किस कर सकेंगे।
नई तकनीक को अल्ट्रासोनिक ट्रांसड्यूसर के माध्यम से वर्चुअल रियलिटी (वीआर) हेडसेट में संभव बनाया गया है। कहा जा रहा है कि इस नई तकनीक के जरिए वीआर हेडसेट में एक वाइब्रेशन होगा जिससे लोगों को पार्टनर के पास होने का अहसास होगा। इस नई तकनीक की मदद से लोग मेटावर्स में झरने का पानी भी पी सकेंगे और चाय की चुस्की भी ले सकेंगे। यहां तक मेटावर्स में वर्चुअल तौर पर सिगरेट पीने का भी मौका मिलेगा।
नई तकनीक के साथ नए हेडसेट को पेन्सिलवेनिया में कार्नेगी मेलन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने तैयार किया है। इस हेडसेट में खासतौर पर हैप्टिक (वाइब्रेशन) टच दिया गया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह हैप्टिक सिस्टम होंठ, दांत और जीभ पर सबसे अच्छा काम करता है।