RTI Update: आरटीआई आवेदन प्रक्रिया में बदलाव, 16 जून से ई-मेल OTP वेरिफिकेशन होगा अनिवार्य
सरकार ने RTI पोर्टल पर साइबर सुरक्षा और यूजर डेटा की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। 16 जून 2025 से RTI आवेदन के लिए ई-मेल वेरिफिकेशन के तहत OTP अनिवार्य कर दिया जाएगा।

विस्तार
केंद्र सरकार ने RTI आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नया कदम उठाया है। अब 16 जून 2025 से सूचना का अधिकार (RTI) के सभी ऑनलाइन आवेदन में ई-मेल वेरिफिकेशन के तहत OTP सिस्टम लागू किया जाएगा। यह निर्णय कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के तहत संचालित आरटीआई पोर्टल की साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
ई-मेल पर आएगा ओटीपी
RTI आवेदनकर्ता अब जब www.rtionline.gov.in पोर्टल के माध्यम से कोई आवेदन दाखिल करेंगे, तो उन्हें अपने ई-मेल आईडी पर भेजे गए OTP से वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी। यह प्रक्रिया डेटा प्राइवेसी और सुरक्षा को बेहतर बनाएगी।
सरकारी बयान में बताया गया है कि इस नई व्यवस्था से नागरिकों की निजी जानकारी अधिक सुरक्षित रहेगी और पोर्टल पर किसी भी प्रकार की साइबर सुरक्षा चूक को रोका जा सकेगा। RTI पोर्टल का उपयोग न केवल आवेदन दाखिल करने के लिए किया जाता है, बल्कि याचिकाओं की स्थिति जानने और अपील दाखिल करने के लिए भी किया जाता है।
प्राइवेसी और डेटा सिक्योरिटी बढ़ाना है उद्देश्य
वेबसाइट पर प्रकाशित सूचना के मुताबिक, “नागरिकों की प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को बढ़ाने, और पोर्टल की साइबर सुरक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से, 16 जून 2025 से सभी RTI अनुरोधों के लिए ई-मेल वेरिफिकेशन के तहत OTP लागू किया जा रहा है।”
गौरतलब है कि RTI ऑनलाइन पोर्टल देशभर के नागरिकों को पारदर्शिता के तहत सरकारी विभागों से जानकारी प्राप्त करने का अधिकार प्रदान करता है। अब नई व्यवस्था से यह प्रक्रिया और अधिक सुरक्षित मानी जा रही है।