शादी के नाम पर ठगी: 46 सिम कार्ड के साथ नाइजीरियन युवक नोएडा में गिरफ्तार, ठगने के लिए हैकिंग का कोर्स भी किया
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले सोशल मीडिया या मेट्रीमोनियल साइट के जरिए महिलाओं से शादी के नाम पर दोस्ती करता था। वह खुद को एनआरआई बताता था।

विस्तार
नोएडा पुलिस की साइबर टीम ने एक ऐसे नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया और मेट्रीमोनियल साइट्स के जरिए शादी का झांसा देकर महिलाओं को अपना शिकार बना रहा था। इस पूरे खेल में उसकी पत्नी भी शामिल थी। पकड़े गए नाइजीरियन युवक का असली नाम Ishitor Churchill Paul है और वह नाइजीरिया के लागोश शहर का निवासी है। वह नए-नए नाम से महिलाओं को फंसाता था। युवक ने पूछताछ में बताया कि वह मेडिकल वीजा पर 2018 में भारत में आया था और इथिकल हैकिंग सीखकर Social Media और Matrimonial Sites के जरिए महिलाओं से NRI बनकर दोस्ती करता था और फिरउनको विश्वास मे लेकर शादी करने का झांसा देकर महंगे गिफ्ट व विदेशी करेंसी भेजने के नाम पर ठगी करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले सोशल मीडिया या मेट्रीमोनियल साइट के जरिए महिलाओं से शादी के नाम पर दोस्ती करता था। वह खुद को एनआरआई बताता था। दोस्ती के बाद ग्रुप के ही महिला व पुरुष सदस्यों द्वारा कस्टम अधिकारी बनकर एयरपोर्ट पर गिफ्ट और विदेशी करेंसी को रीलीज करवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करते थे। इसने नौकरी देने और लॉटरी निकलने के नाम पर भी लोगों से ठगी की है।
नोएडा पुलिस ने आरोपी नाइजीरियन युवक के पास से 46 सिम कार्ड के अलावा दो लैपटॉप और विभिन्न सरकारी संस्थाओं के लेटर हेड मिले हैं जिनमें सी0बी0आई0, सी०बी०ई०सी० आर०बी०आई०, ब्रिटिश मिनीस्ट्री ऑफ फाइनेंस का लेटर हेड, यूनाइटेड नेशन ऑफ ड्रग्स का लेटर हेड, VLS Airway टिकट, केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड का लेटर हेड, सर्टिफिकेट अवॉर्ड कोका कोला, रॉयल बैंक ऑफ स्वीट्जरलैंड का लेटर हेड और सैमसंग लॉटरी का अवॉर्ड लेटर हेद आदि शामिल हैं। आरोपी युवक और उसकी पत्नी ने अभी तक 50 करोड़ से अधिक की ठगी की है। आरोपी के पास से करीब 50 हजार मोबाइल नंबर की लिस्ट मिली है।