Netflix-अमेजॉन प्राइम वीडियो की होगी सेंसरशिप, कंपनियों ने लिया ये बड़ा फैसला

भारत में पिछले साल से ही अमेजॉन प्राइम वीडियो, एएलटी बालाजी और नेटफ्लिक्स जैसे ऑनलाइन वीडियो स्ट्रिमिंग ऐप व साइट पर परोस जा रहे कंटेंट की सेंसरशिप को लेकर बवाल हो रहा है। कई संगठनों ने इन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे वीडियो पर अश्लीलता को लेकर आपत्ति भी जताई है। तमाम बवाल को लेकर इन कंपनियों ने कहा है कि वह खुद ही अपने कंटेंट का सेंसरशिप करेंगी। इसके लिए ये कंपनियां सेंशरशिप के लिए दिशा-निर्देश तैयार कर रही हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में इसका दावा किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक नेटफ्लिक्स, हॉटस्टार, अमेजॉन प्राइम वीडियो, एलटी बालाजी जैसी ऑनलाइन वीडियो स्ट्रिमिंग की सेवा देने वाली कंपनियां अपने उन कंटेंट पर रोक लगाएंगी जिनमें किसी बच्चे को वास्तविक या नकली यौन गतिविधियों में लिप्त दिखाया गया हो। इसके अलावा उन वीडियो को भी बैन किया जाएगा जिनमें तिरंगे का अपमान किया गया हो या फिर किसी वीडियो में आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा देने वाली बातें हों।
ये भी पढ़ेंः 70 करोड़ लोगों के ई-मेल, पासवर्ड हुए हैक, आपकी आईडी बची है या नहीं, ऐसे चेक करें
वहीं रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि अमेजॉन ने ऐसे नियमों को अपने प्लेटफॉर्म पर लागू करने से मना कर दिया है। अमेजॉन के मुताबिक उनके प्लेटफॉर्म पर मौजूद कंटेंट पहले से ही सेंसर्ड हैं और वे वर्तमान कानून के दायरे में हैं। कंपनी का कहना है कि जब तक सरकार की ओर से कोई आदेश नहीं आता है तब तक वह सेंसरशिप के लिए कोई कदम नहीं उठाने वाली है।
बता दें कि भारत में फिल्मों के लिए तो सेंसरशिप बोर्ड है लेकिन अभी तक ऑनलाइन वीडियो स्ट्रिमिंग को लेकर सरकार की ओर से कोई सेंसरशिप नहीं है। ऐसे में कई लोगों और संगठनों का मानना है कि इन पर सेंसरशिप होनी चाहिए ताकि अश्लीलता पर रोक लगाई जा सके।