National Youth Day 2022: भारत के टॉप टेक यंग एचीवर, इनकी कामयाबी लाखों लोगों को करती है प्रेरित

National Youth Day 2022:
हर साल 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई जाती है। विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में भी मनाई जाती है। राष्ट्रीय युवा दिवस देश के उन युवाओं समर्पित है, जो अपने देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हर पल प्रयासरत रहते हैं। विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। स्वामी विवेकानंद का असली नाम नरेंद्रनाथ दत्त था, हालांकि महज 25 साल की उम्र में संन्यास लेने के बाद उनका नाम विवेकानंद पड़ा। आइए इस राष्ट्रीय युवा दिवस 2022 के खास मौके पर भारत के कुछ ऐसे युवाओं के बारे में जानते हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में शानदार काम किया है और ये लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं।

सुंदर पिचाई
जब भी भारत के टॉप यंग एचीवर की बात होती है तो सुंदर पिचाई का नाम पहले नंबर पर आता है। सुंदरराजन पिचाई, जिन्हें पूरी दुनिया सुंदर पिचाई के नाम से जानती है। सुंदर पिचाई का जन्म 12 जुलाई 1972 में तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हुआ था। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद सुंदर पिचाई ने आईआईटी खड़गपुर में दाखिला लिया और यहां से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी। 2004 में सुंदर पिचाई ने गूगल के साथ अपना सफर शुरू किया था और वह आज गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ हैं। गूगल क्रोम ब्राउजर सुंदर पिचाई की ही देन है, जिसे 2008 में लॉन्च किया गया था।

पराग अग्रवाल
पराग अग्रवाल ने हाल ही में ट्विटर के सीईओ की जिम्मेदारी संभाली है। फाउंडर और सीईओ जैक डॉर्सी के इस्तीफे के बाद पराग अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पराग अग्रवाल 2011 में ट्विटर के साथ जुड़े थे। इससे पहले वह याहू और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ काम कर चुके हैं। अग्रवाल आईआईटी बॉम्बे के पूर्व छात्र हैं। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में पीएचडी की है। ऐड्स इंजीनियर के तौर पर ट्विटर से जुड़े अग्रवाल को अक्तूबर 2017 में कंपनी का मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) बनाया गया था। वह कंपनी की टेक्निकल स्ट्रैटेजी का काम संभालते आए हैं।