Grok CarPlay: अब कार में करें मस्क के AI से बातें; सफर में मिलेगा हैंड्स-फ्री वॉयस चैट का मजा, जानें नया अपडेट
Grok AI Apple CarPlay Update:
अब आपकी कार का डैशबोर्ड सिर्फ नेविगेशन या म्यूजिक तक सीमित नहीं रहने वाला है। एलन मस्क का ग्रोक एआई अब एपल कारप्ले पर भी आ गया है। इससे यूजर्स ड्राइविंग के दौरान वॉयस के जरिए भी एआई से बातचीत कर सकेंगे। जानिए इस बारे में विस्तार से...

विस्तार
AI Assistant for Cars:
xAI का एआई असिस्टेंट ग्रोक अब एपल कारप्ले पर भी उपलब्ध हो गया है। इसके साथ ही एलन मस्क की एआई टेक्नोलॉजी टेस्ला कारों से निकलकर कर दूसरी कार यूजर्स तक भी पहुंचने को तैयार है। अब जिन कारों में यह सपोर्ट करेगा, उनमें ड्राइवर सीधे डैशबोर्ड से ग्रोक एआई के साथ वॉयस कन्वर्सेशन कर सकते हैं। यह फीचर ग्रोक आईफोन एप के लेटेस्ट अपडेट के जरिए उपलब्ध कराया गया है।

यूजर्स को क्या फायदा मिलेगा?
ड्राइविंग के दौरान यूजर्स एआई से सवाल पूछ सकेंगे, कोई भी जानकारी हासिल कर सकेंगे और यहां तक अपने आइडियाज भी शेयर कर सकेंगे। इसके अलावा एआई के साथ रियल-टाइम चैट भी कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि यह पूरा एक्सपीरियंस हैंड्स-फ्री मोड में काम करेगा, जिससे ड्राइविंग के दौरान फोन इस्तेमाल करने की जरूरत कम हो सकती है।
इन चीजों के लिए अभी करना पड़ सकता है इंतजार
हालांकि ग्रोक का कारप्ले पर आना एक बड़ा अपडेट माना जा रहा है, लेकिन फिलहाल इसकी कुछ सीमाएं भी तय की गई हैं। जैसे ग्रोक अभी म्यूजिक कंट्रोल नहीं कर सकता, नेविगेशन नहीं संभाल सकता और एसी या व्हीकल सेटिंग कंट्रोल करने में भी अभी सक्षम नहीं है। इसके अलावा इसमें अभी Hey Grok जैसे Wake Word सपोर्ट की सुविधा भी नहीं है। यूजर्स को एप मैन्युअली ओपन करना होगा। इन फीचर्स के लिए अभी यूजर को इंतजार करना पड़ सकता है।

क्या ग्राेक अन्य AI असिस्टेंट्स से अलग है?
हां..कहा जा सकता है। देखिए एपल कार प्ले पर एआई असिस्टेंट्स की एंट्री तेजी से बढ़ रही है। इससे पहले चैटजीपीटी, परप्लेक्सिटी AI भी कारप्ले सपोर्ट के साथ आ चुके हैं, लेकिन कहा जा रहा है कि ग्रोक अपनी अलग पर्सनालिटी की वजह से सबसे अलग नजर आता है। क्योंकि जहां ज्यादातर एआई असिस्टेंट्स शांत और औपचारिक तरीके से जवाब देते हैं, वहीं ग्रोक अपने मजेदार, व्यंग्यात्मक और हल्के-फुल्के अंदाज के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि कई यूजर्स के लिए यह रोड ट्रिप्स और लंबी ड्राइव को ज्यादा एंटरटेनिंग बना सकता है।