2जी मुक्त भारत बनाने का आ गया है वक्त, सरकार जल्द उठाए कदम: मुकेश अंबानी

पच्चीस वर्ष पूर्व आज ही के दिन देश में पहली मोबाइल कॉल के शुभारंभ होने के अवसर पर भारतीय सेलुलर आपरेटर्स संघ (सीओएआई) के “देश की डिजिटल उड़ान” नाम से आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि अब 2जी मोबाइल सेवा की विदाई का वक्त आ गया है।
उन्होंने कहा जब दुनिया 5जी के दरवाजे पर खड़ी है तब देश में 30 करोड़ से अधिक लोग 2जी में फंसे हैं और 2जी फीचर फोन इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मसले पर तुरंत आवश्यक नीतिगत कदमों को उठाने की जरूरत है। अंबानी ने कहा लॉकडाउन के बीच मोबाइल, जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन कर उभरा है और लोगों को सशक्त बनाने का एक माध्यम बना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ईज ऑफ लिविंग” के सपने का जिक्र करते हुए अंबानी ने कहा कि डिजिटल मोबिलिटी इस सपने को साकार कर रही है। प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया मिशन की उन्नति में जियो अपना पूर्ण योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें: बड़े धमाके की तैयारी में जियो, 500 रुपये से भी कम में लॉन्च कर सकता है फोन
डिजिटल अर्थव्यवस्था में जियो के योगदान के बारे में बोलते हुए अंबानी ने कहा “डिजिटल प्लेटफॉर्म हमारे लाखों किसानों, छोटे व्यापारियों, उपभोक्ताओं, छोटे और मध्यम उद्यमों, छात्रों, शिक्षकों, स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारियों के लिए उन्नत पकरण प्रदान करेगा। इससे हमारे प्रतिभाशाली युवाओं के लिए नए और आकर्षक रोजगार और आजीविका के अवसर भी पैदा होंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में जियो प्लेटफॉर्म्स में दुनिया की 13 प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी कंपनियों ने निवेश किया है। जियो ने अपने लॉन्च के पहले चार वर्षों में 40 करोड़ के करीब ग्राहक जोड़ लिए हैं। इस उपलब्धि पर अंबानी ने कहा कि चार साल से भी कम समय में हमने डिजिटल क्रांति का फल मोबाइल उपभोक्ताओं को दिया है।
अभी हाल ही में अंबानी ने 15 जुलाई को रिलायंस की 43 वीं एजीएम में सोशल मीडिया की दिग्गज गूगल के जियो प्लेटफॉर्म्स में 33,737 करोड रुपये में 7.73 प्रतिशत इक्विटी देने के साथ ही भारतीय दूरसंचार क्षेत्र को 2जी मुक्त कराने और 4जी और 5जी सस्ते स्मार्टफोन फोन उतारने की भी घोषणा की थी।