Festive Season: त्योहार में प्रीमियम स्मार्टफोन की ज्यादा मांग, सोने की बिक्री में 12 फीसदी तेजी की उम्मीद
नवरात्रि और धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग के दौरान फेस्टिव ऑफर भी लॉन्च किए गए हैं। यदि धनतेरस के दिन सोने की कीमतें और गिरती हैं, तो ग्राहकों को कम दर पर सोना खरीदने का मौका मिलेगा और यदि कीमतें बढ़ती हैं, तो वे अभी खरीदी के लिए बुक कर सकते हैं।

विस्तार
चालू त्योहारी सीजन में ऑफलाइन और ऑनलाइन जमकर खरीदी हो रही है। जानकारों का मानना है कि सोने की बिक्री पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 10-12 फीसदी तक ज्यादा हो सकती है।
हाल में सोने की कीमतों में तेजी से थोड़ा बहुत खरीदारी पर असर दिख सकता है। साथ ही, इस बार प्रीमियम बजट वाले स्मार्टफोन और बड़े टीवी की ज्यादा मांग बनी हुई है। अगले माह से देश में शादियों की शुरुआत भी हो जाएगी। 23 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच देश में 35 लाख शादियां हो सकती हैं, जिससे सोने की जबरदस्त मांग रहेगी। हाल के समय में सोने की मांग सुस्त होने के बावजूद पिछले साल की तुलना में इसकी कीमतों में 17 फीसदी की तेजी आई है। सितंबर के अंत और अक्तूबर की शुरुआत में सोने की कीमतों में गिरावट आई जिससे मांग भी बढ़ी।
नवरात्रि और धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग के दौरान फेस्टिव ऑफर भी लॉन्च किए गए हैं। यदि धनतेरस के दिन सोने की कीमतें और गिरती हैं, तो ग्राहकों को कम दर पर सोना खरीदने का मौका मिलेगा और यदि कीमतें बढ़ती हैं, तो वे अभी खरीदी के लिए बुक कर सकते हैं।
टीवी और रेफ्रिजरेटर में वृद्धि 18-20 फीसदी
वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और टीवी की बिक्री इस साल 18-20 फीसदी बढ़ सकती है। प्रीमियम उत्पादों में यह वृद्धि 30 फीसदी तक रह सकती है। 1987 के बाद पहली बार क्रिकेट विश्वकप त्योहारी सीजन में आया है। यह 19 नवंबर तक चलेगा। इससे टीवी, खासकर बड़े स्क्रीन वाले और ऑडियो सिस्टम की मांग है। हमें उम्मीद है कि पिछले साल की तुलना में 10%-12% की वृद्धि होगी। नवंबर-दिसंबर में शादी का सीजन आने के साथ सोने की कीमतें और बढ़ सकती हैं, फिर भी ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं।