Fact-Check: चंद्रयान-3 द्वारा बनाई गई चंद्रमा की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जानें इसकी सच्चाई
वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि चंद्रयान -3 लैंडिंग के तीन दिन पहले खुद को लैंडिंग के लिए तैयार कर रहा है। यह वीडियो चंद्रमा के आश्चर्यजनक दृश्य दिखाता है। चलिए जानते हैं वायरल वीडियो की सच्चाई।

विस्तार
भारत ने 23 अगस्त को चंद्रमा पर चंद्रयान -3 की एतिहासिक लैंडिंग से इतिहास रच दिया है। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो चंद्रयान-3 द्वारा बनाए जाने का दावा करता है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि चंद्रयान -3 लैंडिंग के तीन दिन पहले खुद को तैयार कर रहा है। यह वीडियो चंद्रमा के आश्चर्यजनक दृश्य दिखाता है जो इसरो के हालिया भारतीय लूनर मिशन द्वारा कैप्चर किए जाने का दावा करता है। चलिए अमर उजाला के फैक्ट चेक में जानते हैं वायरल वीडियो की सच्चाई।
सबसे पहले जान लेते हैं कि वीडियो में क्या दावा किया जा रहा है। दरअसल, इस वीडियो को इंस्टैंट ब्लॉगिंग प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया गया है। पोस्ट पर अब तक 4 लाख से भी ज्यादा व्यूज आ गए हैं। वहीं 6 हजार से ज्यादा लाइक और 1 हजार से ज्यादा री-ट्वीट किया गया है। पोस्ट में वीडियो को शेयर करने के साथ लिखा गया है कि चंद्रयान-3 से चंद्रमा के दृश्य अत्यंत आश्चर्यजनक हैं! इस तारीख को नोट कर लें! केवल 3 दिन बाद चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड होगा।"
एक्स यूजर्स द्वारा शेयर किया गया है यह वीडियो हमने इसरो के आधिकारिक एक्स अकाउंट और वेबसाइट पर चेक किया। लेकिन हमें ऐसा कोई भी वीडियो वहां मौजूद नहीं मिला। वहीं न तो वीडियो हालिया है और न ही इसका भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 से कोई संबंध है। यह वीडियो दिसंबर 2020 का है और चंद्रमा का एक एनिमेटेड क्लोज-अप दिखाता है। यानी न तो वीडियो असली है और न चंद्रयान-3 द्वारा लिया गया है।