Recharge Plans: नए साल से महंगे हों जाएंगे रिचार्ज प्लान? नोटिफिकेशन ने बढ़ाई लोगों की टेंशन, जानिए सच्चाई

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 07 Dec 2025 11:40 AM IST
सार

Recharge Plan Hike Viral Post:

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट ने टेलीकॉम यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है। दावा किया जा रहा है कि अगले साल से सभी कंपनियां रिचार्ज प्लान महंगा करने वाली हैं। क्या है इस वायरल दावे की सच्चाई? आइए जानते हैं...

mobile recharge price to hike from 2026 jio airtel vi viral news fact check
क्या महंगे होंगे रिचार्ज प्लान? - फोटो : AI

    विस्तार

    क्या नए साल से एक बार फिर आपको मोबाइल पर बात करने और इंटरनेट चलाने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे? साल के आखिरी महीने में यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि सोशल मीडिया की एक खबर ने ग्राहकों को एक बार फिर टेंशन में डाल दिया है। दावा किया जा रहा है कि Jio, Airtel और VI जैसी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां नए साल में अपने रिचार्ज प्लान्स महंगी करने वाली हैं।

    सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के मुताबिक, कुछ कंपनियों ने तो अपने ग्राहकों को नोटिफिकेशन भी भेजना शुरू कर दिया है। आइए जानते हैं किया है इस वायरल दावे की सच्चाई।

    क्या 1 दिसंबर से महंगे हो जाएंगे रिचार्ज प्लान?

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इन दिनों एक पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। जिसमें अभिषेक यादव नाम के एक यूजर ने एक नोटिफिकेशन मिलने का दावा किया जिसमें रिचार्ज महंगा हो सकता है। नोटिफिकेशन में लिखा है, " कल से Jio, Airtel, VI के दाम बढ़ने वाले हैं, इसलिए रिचार्ज करने का अंतिम मौका है।"

    इस नोटिफिकेशन को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स टेंशन में हैं कि क्या वाकई में रिचार्ज प्लान महंगे हो जाएंगे या फिर ये बस मार्केटिंग करने का तरीका है?

    यह भी पढ़ें: भारत में फोन लोकेशन निगरानी बढ़ाने पर विचार; एपल, गूगल और सैमसंग ने जताई आपत्ति

    आधिकारिक जानकारी नहीं

    अगर आप भी सोशल मीडिया पर इन खबरों को देख कर परेशान हैं तो आपको टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। फिलहाल टेलीकॉम कंपनियों ने रिचार्ज प्लान महंगे करने पर कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं की है। इसलिए प्लान की कीमत अभी जितनी है उतनी ही बनी रहेगी। हालांकि, अगर आप इस खबर को संकेत मान रहे हैं तो आप लंबी वैलिडिटी वाले प्लान से रिचार्ज कर चिंता मुक्त हो सकते हैं।

    कंपनियां दे चुकी हैं कीमत बढ़ाने के संकेत

    मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, देश की तीनों बड़ी टेलीकॉम कंपनियां- जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया हर ग्राहक से होने वाली औसत कमाई (ARPU) को बढ़ाना चाहती हैं। इस वजह से आने वाले कुछ महीनों में रिचार्ज प्लान 10-12% तक महंगे हो सकते हैं। अगर कंपनियां दाम बढ़ाती हैं तो यह 2024 के बात होने वाली सबसे बड़ी वृद्धि होगी।

    कंपनियों ने बंद किए सस्ते प्लान

    हाल ही के महीनों में Jio और Airtel ने चुपचाप अपने एंट्री-लेवल 1GB-प्रतिदिन वाले प्रीपेड प्लान बंद कर दिए हैं, जिससे यूजर्स को महंगे प्लानों की ओर धकेला जा रहा है। अब अधिकांश प्रीपेड डेटा यूजर्स के लिए नए बेसिक प्लान 1.5GB-प्रतिदिन से शुरू होते हैं, जिनकी कीमत लगभग 299 रुपये है, जो पहले वाले 249 रुपये के प्लान से करीब 17% महंगे हैं। दूसरी ओर, Vi अभी भी 1GB-प्रतिदिन वाला प्लान 299 रुपये में उपलब्ध करवा रहा है।

    यह भी पढ़ें: भविष्य में 80% नौकरियों में इंसानों की जगह ले सकता है एआई, ब्रिटिश कंप्यूटर साइंटिस्ट का दावा

    Airtel और Vi दोनों लंबे समय से टैरिफ बढ़ोतरी की जरूरत पर जोर देते रहे हैं, क्योंकि टेलीकॉम सेक्टर में भारी पूंजी निवेश और 5G इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर बड़ा खर्च होता है। अब देखा जा रहा है कि टेलीकॉम कंपनियां सीधे तौर पर कीमतें बढ़ाने के बजाय सस्ते प्लानों को बंद कर ग्राहकों को महंगा प्लान खरीदने पर मजबूर कर रही हैं। इन तरीकों से कंपनियां अपनी औसत प्रति ग्राहक आय (ARPU) को बढ़ा रही हैं।