अब महीनों तक ट्रेन होंगे AI मॉडल: हार्डवेयर फेल होने पर भी नहीं रुकेगा काम, क्या है माइक्रोसॉफ्ट का नया प्लान?
सार
- माइक्रोसॉफ्ट ने एडवांस AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए Rocket नाम का अपना रीइन्फोर्समेंट लर्निंग सिस्टम तैयार किया है।
- इसकी मदद से हजारों GPU पर कई हफ्तों या महीनों तक ट्रेनिंग जारी रखी जा सकेगी।
- माइक्रोसॉफ्ट का दावा है कि उसके मॉडल ने एक बेंचमार्क पर Claude Opus 4.8 को पीछे छोड़ दिया है।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की दुनिया में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट अब सिर्फ दूसरे कंपनियों के मॉडल पर निर्भर नहीं रहना चाहती। कंपनी अपने एडवांस एआई मॉडल तैयार करने के लिए खुद की तकनीक विकसित कर रही है। इसी कोशिश के तहत उसने 'रॉकेट' नाम का एक इन-हाउस सिस्टम बनाया है। इसकी मदद से एआई मॉडल को कई हफ्तों या महीनों तक लगातार ट्रेन किया जा सकेगा। माइक्रोसॉफ्ट का दावा है कि यह सिस्टम बड़े पैमाने पर एआई ट्रेनिंग को ज्यादा स्थिर और बेहतर बनाने में मदद करेगा।
क्या है माइक्रोसॉफ्ट का रॉकेट सिस्टम?
- रॉकेट माइक्रोसॉफ्ट का अपना रीइन्फोर्समेंट लर्निंग (RL) फ्रेमवर्क है। इसका इस्तेमाल एआई मॉडल को ट्रेनिंग के बाद और बेहतर बनाने के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया में मॉडल को किसी काम को करने की कोशिश करने, उसके नतीजे से सीखने और समय के साथ अपने जवाब सुधारने का मौका मिलता है।
- माइक्रोसॉफ्ट एआई के मुताबिक, रॉकेट को इस तरह तैयार किया गया है कि यह हजारों GPU पर कई हफ्तों या महीनों तक चलने वाली ट्रेनिंग को संभाल सके। कंपनी का कहना है कि इतने लंबे समय तक ट्रेनिंग चलाने में छोटी-छोटी तकनीकी गड़बड़ियां और कंप्यूटिंग से जुड़ी कमियां भी समय के साथ बड़ी समस्या बन सकती हैं। रॉकेट को इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए बनाया गया है।
3 ट्रिलियन पैरामीटर वाले एआई मॉडल पर हो रहा काम
- माइक्रोसॉफ्ट अपने तीन ट्रिलियन पैरामीटर वाले बेस एआई मॉडल MAi Base 2 को ट्रेन करने के लिए रॉकेट का इस्तेमाल कर रही है। कंपनी के अनुसार, इस मॉडल को रीइन्फोर्समेंट लर्निंग के जरिए बेहतर बनाया जा रहा है। इसमें किसी दूसरी कंपनी के एआई मॉडल से ज्ञान लेकर उसे ट्रांसफर करने यानी डिस्टिलेशन की प्रक्रिया का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।
- इसका मतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट अपने मॉडल को शुरुआती बेस स्टेज से ही खुद ट्रेन और बेहतर करने की दिशा में काम कर रही है। इससे कंपनी को मॉडल की क्षमताओं और ट्रेनिंग प्रक्रिया पर ज्यादा नियंत्रण मिल सकता है।
हजारों GPU पर महीनों तक ट्रेनिंग देना क्यों है मुश्किल?
- एआई मॉडल को लंबे समय तक ट्रेन करना आसान नहीं है। जब हजारों GPU लगातार कई हफ्तों या महीनों तक काम करते हैं तो इस दौरान हार्डवेयर फेल होने, ट्रेनिंग में देरी और कैलकुलेशन में अंतर जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
- उदाहरण के लिए, ट्रेनिंग के दौरान किसी GPU में खराबी आने पर पूरा सिस्टम प्रभावित हो सकता है। इसी तरह मॉडल की ट्रेनिंग और उसके जवाब तैयार करने वाले सिस्टम में गणना का थोड़ा-सा अंतर भी लंबे समय में सीखने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
- रॉकेट को इन समस्याओं को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह हार्डवेयर में खराबी आने पर ट्रेनिंग को रिकवर करने, कंप्यूटिंग संसाधनों में बदलाव करने और पूरी प्रक्रिया को शुरुआत से दोबारा चलाए बिना काम जारी रखने में मदद कर सकता है।
- माइक्रोसॉफ्ट ने सिस्टम में ऐसी तकनीक भी जोड़ी है, जिससे मॉडल की ट्रेनिंग और जवाब तैयार करने वाले सिस्टम के बीच गणना में एकरूपता बनी रहे। इससे लंबे समय तक चलने वाली ट्रेनिंग में छोटी तकनीकी गलतियों का असर कम किया जा सकेगा।
Claude Opus 4.8 को पीछे छोड़ने का दावा
- माइक्रोसॉफ्ट एआई का कहना है कि रॉकेट की मदद से उसके मॉडल ने कई सार्वजनिक और निजी टेस्ट को मिलाकर तैयार किए गए एक रीजनिंग बेंचमार्क पर बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी के मुताबिक, उसका मॉडल इस बेंचमार्क पर Claude Opus 4.8 से आगे निकल चुका है। साथ ही, कंपनी आने वाले हफ्तों में GPT-5.6 Sol को भी पीछे छोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
- हालांकि, यह तुलना माइक्रोसॉफ्ट की ओर से साझा किए गए बेंचमार्क के आधार पर है। अलग-अलग एआई मॉडल की क्षमता का आकलन उनके टेस्ट, टास्क और इस्तेमाल किए गए तरीकों पर निर्भर करता है।
एआई को सस्ता और बेहतर बनाने पर माइक्रोसॉफ्ट का फोकस
- माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने भी एआई को कम लागत में ज्यादा प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कंपनी का लक्ष्य हर डॉलर के खर्च पर बेहतर नतीजे हासिल करना है। इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट मॉडल की प्री-ट्रेनिंग, रीइन्फोर्समेंट लर्निंग और कम टोकन इस्तेमाल करने वाली तकनीकों पर काम कर रही है।
- नडेला के मुताबिक, एआई मॉडल और उनसे जुड़े प्रोडक्ट को साथ विकसित करने से उनकी परफॉर्मेंस बेहतर की जा सकती है। इससे मिलने वाला फायदा ग्राहकों तक भी पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि माइक्रोसॉफ्ट दूसरी कंपनियों के एआई मॉडल इस्तेमाल करने के लिए खुली है।
- फिलहाल कंपनी रॉकेट को और बेहतर बनाने पर काम कर रही है, ताकि ज्यादा लंबे ट्रेनिंग सेशन, मुश्किल एआई टास्क और बड़े मॉडल को संभाला जा सके। यह सिस्टम माइक्रोसॉफ्ट की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी अपने एआई मॉडल की क्षमता बढ़ाने के साथ उनकी ट्रेनिंग की लागत और तकनीकी चुनौतियों को भी कम करना चाहती है।
और पढ़ें...
- सैमसंग वन यूआई 9.5: अब फोटो से खुद वीडियो बनाएगा गैलेक्सी एआई, गैलरी में मिलेगा नया 'शॉर्ट्स' फीचर
- ब्लैक फ्राइडे सेल 2026: 65-इंच की टीवी पर 53,000 रुपये की छूट; सैमसंग, सोनी समेत कई ब्रांड्स के मॉडल शामिल
- अमेजन बनाम मेटा: क्या एआई एजेंट बदल देंगे ऑनलाइन शॉपिंग की पूरी तस्वीर? सत्य नडेला ने अमेजन को क्यों दी नसीहत?
- सैमसंग फोन पर शानदार डील: ₹16,000 कम हो गई कीमत, 50MP कैमरा और सुपर एमोलेड डिस्प्ले से लैस, जानें नई प्राइस