माइक्रोसॉफ्ट ने किया नए कंसोल एक्सबॉक्स वन 'एस' का एलान

माइक्रोसॉफ़्ट ने अपने क़ामयाब एक्सबॉक्स कंसोल के अपडेटेड वर्जन, एक्सबॉक्स वन 'एस' की जानकारी सार्वजनिक की है। इसे अगस्त में लॉन्च किया जाएगा।
इसमें 'एस' का मतलब स्लिम है यानी नया कंसोल देखने में और पतला होगा। कंपनी ने अपने दूसरे नए कंसोल 'प्रोजेक्ट स्कॉर्पियो' का भी एलान किया है जिसमें वर्चुअल रिएलिटी और फ़ोर-के रेज़ोल्यूशन वाली गेमिंग होगी।
इसे 2017 के क्रिसमस में लॉन्च किया जाएगा। हालांकि इसकी क़ीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। लॉस एंजिल्स में हो रहे सालाना ई-3 यानी इलेक्ट्रॉनिक इंटरटेनमेंट एक्सपो में इन नए प्रोडक्ट्स की जानकारी दी गई।

एक्सबॉक्स वन एस की क़ीमत 299 डॉलर यानी क़रीब 20 हज़ार रुपए होगी। एक विश्लेषक का कहना है कि वीडियो गेमिंग के शौक़ीन एक्सबॉक्स वन की रिलीज़ के बाद जल्दी कोई नया कन्सोल नहीं ख़रीदना चाहेंगे।
सोनी भी अपने पीएस4 कंसोल का नया वर्ज़न 2017 की शुरुआत में लॉन्च करनेवाली है।