माइक्रोसॉफ्ट ने जारी की चेतावनी: आउटेज के बहाने नकली ईमेल से पासवर्ड चोरी की कोशिश, यूजर्स को क्या दी सलाह?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sun, 15 Nov 2026 09:16 AM IST
सार
  • Microsoft 365 आउटेज का फायदा उठा रहे हैकर्स।
  • नकली ईमेल से भेजे जा रहे लिंक।
  • 24 घंटे में मेल डिलीट होने का दावा।
  • माइक्रोसॉफ्ट ने फिशिंग अभियान की चेतावनी दी।
Microsoft 365 Outage Exploited, Phishing Attack Targets Users with Fake Recovery Links
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    माइक्रोसॉफ्ट 365 की सर्विस में आई तकनीकी गड़बड़ी का फायदा अब साइबर ठग उठाने की कोशिश कर रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने ऐसे सक्रिया फिशिंग अभियान को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें यूजर्स को नकली ईमेल भेजकर उनके पासवर्ड चुराने की कोशिश की जा रही है। इन ईमेल में दावा किया जा रहा है कि आउटेज के दौरान डिलीवर नहीं हो पाए संदेश 24 घंटे के भीतर डिलीट कर दिए जाएंगे। उन्हें वापस पाने के लिए यूजर्स से एक लिंक पर क्लिक करने को कहा जा रहा है।

    इस अभियान की खास बात है कि यह साइबर ठग नकली ईमेल को असली दिखाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट 365 की सर्विस हेल्थ नोटिफिकेशन की नकल कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इनमें एक्सचेंज ऑनलाइन की वास्तविक तकनीकी घटना संख्या EX1550543 का भी जिक्र किया जा रहा है। इससे यूजर्स को लग सकता है कि ईमेल माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से ही आया है।

    माइक्रोसॉफ्ट 365 ने चेतावनी क्यों जारी की?

    • यह मामला माइक्रोसॉफ्ट 365 की सर्विस में आए उस व्यवधान के बाद सामने आया, जिससे एक्सचेंज ऑनलाइन और दूसरी क्लाउड सेवाएं प्रभावित हुई थीं। साइबर ठगों ने इसी का फायदा उठाया और यूजर्स काे नकली ईमेल भेजना शुरू कर दिए।
    • इन ईमेल में माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस हेल्थ से जुड़ी सूचनाओं जैसा फॉर्मेट इस्तेमाल किया जा रहा है। संदेशों में वास्तविक एक्सचेंज ऑनलाइन घटना EX1550543 का हवाला दिया जाता है। इससे ईमेल किसी चल रही तकनीकी समस्या से जुड़ा हुआ दिखाई देता है।
    • ईमेल में दावा किया जाता है कि आउटेज के दौरान रोके गए संदेश 24 घंटे के भीतर हटा दिए जाएंगे। अगर यूजर अपने ईमेल वापस पाना चाहते हैं, तो उन्हें दिए गए लिंक पर क्लिक करना होगा।
    • इस तरह की समय सीमा यूजर्स पर जल्दबाजी में फैसला लेने का दबाव बनाती है। खासकर उन कर्मचारियों के लिए यह संदेश ज्यादा परेशान करने वाला हो सकता है, जो ग्राहकों के ईमेल, भुगतान से जुड़ी जानकारी या जरूरी कारोबारी बातचीत छूट जाने को लेकर चिंतित हैं।

    ठगों ने कैसे बिछाया ठगी का जाल?

    फिशिंग ईमेल में साइबर ठगों ने कुछ ऐसे संकेतों का इस्तेमाल किया है, जिनसे संदेश सामान्य ऑफिस नोटिफिकेशन जैसा दिखाई देता है।

    • ईमेल की विषय पंक्ति:इसमें आउटेज में छह अक्षरों का कोड जैसा पैटर्न इस्तेमाल किया गया है।
    • भेजने वाले का नाम:डिस्प्ले नेम में संगठन से जुड़ा उपसर्ग और उसके बाद आउटेज नोटिफिकेशन या सर्विस हेल्थ लिखो होता है।
    • असली घटना संख्या:ईमेल में वास्तविक एक्सचेंज ऑनलाइन घटना EX1550543 का जिक्र किया जाता है।
    • ईमेल रिकवरी का दावा: यूजर को बताया जाता है कि रोके गए संदेश 24 घंटे में डिलीट हो जाएंगे।
    • इन सभी चीजों को मिलाकर ईमेल को इस तरह पेश किया जाता है कि प्राप्तकर्ता उसे कंपनी की सामान्य तकनीकी सूचना समझ सकता है।

    तीन संदिग्ध डोमेन की पहचान

    • माइक्रोसॉफ्ट थ्रेट इंटेलिजेंस ने इस अभियान से जुड़े तीन डोमेन moments-notice[.]com, planetmaison[.]com,newbooker[.]com की पहचान की है। ईमेल में दिए गए लिंक SendGrid की यूजर-विशिष्ट क्लिक ट्रैकिंग का इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद ये लिंक reallifeaccounting[.]com पर रीडायरेक्ट होते हैं। इसमें /themelist0.html पाथ भी शामिल है।
    • सेंड ग्रिड एक ईमेल डिलीवरी और ट्रैकिंग सेवा है। इस मामले में इसका इस्तेमाल लिंक पर क्लिक करने वाले यूजर की गतिविधि को ट्रैक करने वाले रीडायरेक्ट के तौर पर किया गया है।

    क्या यूजर्स के पासवर्ड चोरी हो गए हैं?

    • यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। माइक्रोसॉफ्ट ने इस फिशिंग की जानकारी दी है, लेकिन कंपन ने पासवर्ड चुरा लिए गए हैं या किसी डिवाइस में मैलवेयर पहुंचना है, ऐसे कोई पुष्टि नहीं की है।
    • यानी अभी तक सामने आए ईमेल और उनके रीडायरेक्ट लिंक फिशिंग की कोशिश की ओर इशारा करते हैं, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि यूजर्स के लॉगिन डिटेल्स वास्तव में चोरी हो गए हैं या उनके डिवाइस संक्रमित हुए हैं।
    • रिपोर्ट में सेंडग्रिड लिंक का जिक्र पहले सामने आए एक अलग क्रेडेंशियल फिशिंग अभियान में भी हुआ था। हालांकि, इससे दोनों अभियानों के बीच कोई सीधा संबंध साबित नहीं होता। माइक्रोसॉफ्ट की मौजूदा चेतावनी में भी इन आउटेज वाले ईमेल के पीछे मौजूद लोगों या समूह की पहचान नहीं बताई गई है।

    माइक्रोसॉफ्ट ने कंपनियों को क्या दी गई सलाह?

    • माइक्रोसॉफ्ट ने संगठनों को संदिग्ध ईमेल की जांच के लिए डिफेंडर फॉर ऑफिस 365 थ्रेट एक्सप्लोरर और डिफेंडर एक्सडीआर एडवांस्ड हंटिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इन टूल्स की मदद से सिक्योरिटी टीमें ईमेल से जुड़ी गतिविधियों, उनमें मौजूद यूआरएल और यूजर्स की ओर से किए गए क्लिक की जांच कर सकती हैं। इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट ने कुछ खास डेटा टेबल का इस्तेमाल करने की सलाह दी है, जो इस प्रकार है...
    1. इमेलइवेंट्स: ईमेल से जुड़ी गतिविधियों की जांच के लिए।
    2. ईमेलयूआरएलइंफो:ईमेल में मौजूद यूआरएल की जानकारी के लिए।
    3. यूआरएलक्लिकइवेंट्स: यूजर्स ने किन लिंक पर क्लिक किया, यह देखने के लिए।
    • जांच के दौरान सिक्योरिटी टीमें संदिग्ध प्रेषक डोमेन, ईमेल की विषय पंक्ति और रीडायरेक्ट होने वाली वेबसाइट के आधार पर भी अपनी खोज को सीमित कर सकती हैं।
    • इसके अलावा, संगठनों को माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर फॉर ऑफिस 365 की सेफ लिंक्स पॉलिसी भी जांचने की सलाह दी गई है। सही तरीके से कॉन्फिगर होने पर यह सुविधा यूजर के किसी लिंक पर क्लिक करने के समय उसकी सुरक्षा जांच कर सकती है।
    • माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी कहा है कि कंपनियां सिर्फ इस बात पर निर्भर न रहें कि संदिग्ध ईमेल किस यूजर तक पहुंचा। उन्हें यह भी जांचना चाहिए कि किसी यूजर ने उस ईमेल के लिंक पर क्लिक तो नहीं किया।

    यूजर्स कैसे बचें इस फिशिंग अटैक से?

    • कंपनी ने आम यूजर्स को भी इससे बचने की सलाह दी है। माइक्रोसॉफ्ट 365 के अनुसार, किसी आउटेज या सर्विस से जुड़ी समस्या की जानकारी सीधे माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर पर जाकर चेक करें।
    • अगर किसी ईमेल में दावा किया जाता है कि आउटेज के दौरान रोके गए संदेश डिलीट होने वाले हैं, तो घबराकर उसके लिंक पर क्लिक न करें। ईमेल में असली आउटेज नंबर या माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिखने वाली ब्रांडिंग होने का मतलब यह नहीं है कि उसमें दिया गया रिकवरी लिंक भी सुरक्षित है।
    • किसी भी ईमेल की सत्यता की जांच उसके भेजने वाले का पता और लिंक देखकर करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या उसमें अपना पासवर्ड डालने से बचें। माइक्रोसॉफ्ट की चेतावनी के मुताबिक, आउटेज के नाम पर भेजे जा रहे ऐसे संदेशों को सावधानी से देखना जरूरी है।