Meta: अब आप जो चाहेंगे फेसबुक-इंस्टाग्राम पर वही देखेंगे आपके बच्चे, जानिए कैसे इस्तेमाल करें पेरेंटल टूल
मेटा में युवाओं और परिवारों के लिए उत्पाद परिवर्तनों की देखरेख करने वाली डायना विलियम्स ने कहा कि हम ऐसे टूल तैयार करने पर जोर दे रहे हैं, जिससे बच्चे सुरक्षित तरीके से सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकें और माता-पिता के पास पर्याप्त निगरानी क्षमता हो।

विस्तार
बच्चों के इंस्टाग्राम और फेसबुक पर निगरानी के लिए मेटा ने नए पेरेंटल सुपरविजन टूल पेश किए हैं। मेटा का यह फैसला तब आया है, जब इसके स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम और फेसबुक सहित तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरोप लग रहे हैं कि इनकी वजह से किशोरों का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
किशोरों को एक नोटिस भेजेगा
इसके लिए यह जरूरी है कि बच्चों के खातों से वे विकल्प चुने जाएं, जिनके जरिये बच्चों की निगरानी की जा सके। नए उपायों के तहत इंस्टाग्राम अब किसी को ब्लॉक करने के बाद किशोरों को एक नोटिस भेजेगा। उन्हें माता-पिता की निगरानी में रहने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। माता-पिता जान पाएंगे कि बच्चे किसे फॉलो कर रहे हैं। हालांकि, बच्चों के मैसेज नहीं देख पाएंगे।
सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल
मेटा में युवाओं और परिवारों के लिए उत्पाद परिवर्तनों की देखरेख करने वाली डायना विलियम्स ने कहा कि हम ऐसे टूल तैयार करने पर जोर दे रहे हैं, जिससे बच्चे सुरक्षित तरीके से सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकें और माता-पिता के पास पर्याप्त निगरानी क्षमता हो। इसके लिए अभी और प्रयास जारी हैं।