Meta AI Glasses: लाइव इवेंट में फेल हुआ मेटा का डेमो AI ग्लास, जुकरबर्ग ने शर्मिंदगी में Wi-Fi को बताया खराब
Meta AI Glasses Demo Failed In Live Event:
Meta ने अपने Ray-Ban Display और Oakley Vanguard AI ग्लासेस को लॉन्च किया, लेकिन लाइव डेमो के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिससे कंपनी और सीईओ मार्क जुकरबर्ग को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।

विस्तार
मेटा (Meta) ने अपने वार्षिक Meta Connect 2025 इवेंट में नए AI से लैस स्मार्ट ग्लासेस पेश किए। कंपनी ने Ray-Ban Display Glasses और Oakley Meta Vanguard Glasses को लॉन्च कर ऑगमेंटेड रियलिटी टेक्नोलॉजी में अपनी लीडरशिप साबित की कोशिश की। लेकिन इवेंट के दौरान बार-बार डेमो फेल होने से कंपनी और सीईओ मार्क जुकरबर्ग के लिए लॉन्च के कुछ पल शर्मिंदगी भरे साबित हुए।
Wi-Fi कनेक्शन को ठहराया जिम्मेदार
पहली दिक्कत तब आई जब जुकरबर्ग ने फूड क्रिएटर जैक मांकुसो के साथ Ray-Ban Display Glasses का डेमो दिखाया। मांकुसो ने इन ग्लासेस के जरिए कोरियन स्टीक सॉस की रेसिपी पूछी। लेकिन AI सिस्टम सही क्रम में स्टेप्स बताने के बजाय उलझ गया और गलत दिशा-निर्देश देने लगा। जब बार-बार कोशिशों के बाद भी AI काम नहीं कर पाया तो इस नाकामी का ठीकरा "Wi-Fi कनेक्शन" पर फोड़ा गया। जुकरबर्ग ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आप कई साल मेहनत करते हैं और फिर लॉन्च वाले दिन वाई-फाई धोखा दे देता है।”
दूसरा प्रोडक्ट डेमो भी हुआ फेल
दूसरी बड़ी गड़बड़ी Neural Wristband के डेमो के दौरान हुई। यह बैंड हाथ की हल्की मूवमेंट्स को पकड़कर मैसेज भेजने, कॉल रिसीव करने और मीडिया कंट्रोल करने में मदद करता है। जुकरबर्ग ने इसका डेमो देते हुए मैसेज भेजने में तो सफलता पाई, लेकिन जब Meta CTO एंड्रयू बोसवर्थ ने कॉल किया तो ग्लासेस का इंटरफेस कॉल रिसीव करने में फेल हो गया। कई बार कोशिश करने के बाद भी सिस्टम काम नहीं कर पाया और अंत में बोसवर्थ को स्टेज पर आकर हालात संभालने पड़े। इस बार भी खराब Wi-Fi को ही कारण बताया गया।
Meta Ray-Ban Display Glasses में मिलते हैं खास फीचर्स
- इन ग्लासेस में 20-डिग्री का फील्ड ऑफ व्यू और 600x600 पिक्सल रेजॉल्यूशन मिलता है।
- ब्राइटनेस 30 से 5,000 nits तक एडजस्ट हो सकती है, जिससे बाहर इस्तेमाल में आसानी रहती है।
- इनमें 12MP का कैमरा है और ये 1080p वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।
- बैटरी एक बार चार्ज पर 6 घंटे तक चलती है, जबकि केस से 30 घंटे का बैकअप मिलता है।
- साथ में पेश किया गया Meta Neural Band तीन साइज में आता है और 18 घंटे की बैटरी लाइफ देता है।