मारुति की नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV: 543km की रेंज और लग्जरी फीचर्स, जानें कब होगी लॉन्च
Maruti Electric MPV:
मारुति सुजुकी भारत में अपनी नई 3-रो इलेक्ट्रिक MPV उतारने की तैयारी कर रही है। इसका कोडनेम YMC बताया जा रहा है। यह मॉडल HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा और इसमें लंबी रेंज, आधुनिक फीचर्स और फैमिली-फ्रेंडली 7-सीटर लेआउट मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह इलेक्ट्रिक एमपीवी 2026 के आखिर तक लॉन्च हो सकती है और इसका मुकाबला कई मौजूदा और आने वाली इलेक्ट्रिक SUV और MPV से होगा।

विस्तार
भारत में इलेक्ट्रिक कारों (ईवी) का बाजार इन दिनों जबरदस्त उछाल पर है और आने वाले समय में यह रफ्तार और भी तेज होने वाली है। टाटा मोटर्स, महिंद्रा, MG और विनफास्ट जैसे दिग्गज खिलाड़ी पहले ही बाजार में अपनी लंबी-चौड़ी रेंज उतार चुके हैं। इसे देखते हुए देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अब इस रेस में पीछे नहीं रहना चाहती। मारुति ने हाल ही में 'e Vitara' के साथ अपनी इलेक्ट्रिक पारी की शुरुआत की है, लेकिन असली धमाका साल 2026 के अंत तक होगा, जब कंपनी अपनी पहली 3-रो वाली इलेक्ट्रिक MPV बाजार में उतारेगी।
कोडनेम 'YMC' वाली यह नई इलेक्ट्रिक MPV उसी 'HEARTECT-e' प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिस पर e Vitara बनी है। गुजरात स्थित मारुति के प्लांट में तैयार होने वाली इस कार की लंबाई करीब 4.5 मीटर होगी। चूंकि इसमें इलेक्ट्रिक कारों वाला 'फ्लैट फ्लोर' और लंबा व्हीलबेस दिया जा रहा है। इसलिए इसके केबिन में न सिर्फ जबरदस्त स्पेस मिलेगा बल्कि 3-रो (7-सीटर) लेआउट की वजह से यह बड़े परिवारों के लिए बेहद प्रैक्टिकल भी साबित होगी।
2026 के अंत तक देगी दस्तक
मारुति की इस नई इलेक्ट्रिक MPV का कोडनेम 'YMC' रखा गया है। उम्मीद है कि यह 2026 के अंत तक भारतीय सड़कों पर नजर आएगी। फिलहाल मारुति के पास इलेक्ट्रिक सेगमेंट में सिर्फ 'e Vitara' है। लेकिन इस नई MPV के जरिए कंपनी बड़े परिवारों और ज्यादा स्पेस चाहने वाले ग्राहकों को टारगेट करेगी।
आराम का रखा जाएगा पूरा ख्याल
अगर बात इसके स्पेस और डिजाइन की करें तो मारुति ने इसमें आराम का पूरा ख्याल रखा है। यह कार खास तौर पर इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए तैयार किए गए 'HEARTECT-e' प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। करीब 4.5 मीटर लंबी इस MPV की सबसे बड़ी खासियत इसका 'फ्लैट फ्लोर' (सपाट फर्श) और लंबा व्हीलबेस है। जिसकी वजह से केबिन के अंदर काफी शानदार स्पेस मिलता है। इसमें दिया गया 3-रो सेटअप इसे एक परफेक्ट फैमिली कार बनाता है, जहां हर यात्री के लिए पर्याप्त जगह और कंफर्ट सुनिश्चित किया गया है।
फीचर्स जो आपको लुभाएंगे
मारुति अपनी इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक MPV को आधुनिक और हाई-टेक फीचर्स से पूरी तरह लैस करने वाली है। इसके केबिन में घुसते ही आपको एक शानदार इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर वाली बड़ी टचस्क्रीन नजर आएगी, जो कार के इंटीरियर को काफी फ्यूचरिस्टिक लुक देती है। कंफर्ट के लिए इसमें वेंटिलेटेड सीटें, बड़ा पैनोरमिक सनरूफ और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसी सुविधाएं दी गई हैं। वहीं सुरक्षा के मामले में भी कोई समझौता नहीं किया गया है। यह कार लेवल 2 ADAS (एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम) के साथ आएगी, जो आपकी ड्राइविंग को न केवल आसान बल्कि पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित बना देगा।
बैटरी, पावर और रेंज
परफॉर्मेंस की बात करें, तो मारुति की इस इलेक्ट्रिक MPV में ग्राहकों को बैटरी के दो बेहतरीन विकल्प मिल सकते हैं। पहला विकल्प 49 kWh की बैटरी का है, जो खास तौर पर शहर के ट्रैफिक और रोजाना के इस्तेमाल के लिए काफी प्रभावी साबित होगी। वहीं, जो लोग लंबी दूरी तय करना चाहते हैं, उनके लिए 61.1 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। यह बड़ी बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 543 किमी की शानदार रेंज देने में सक्षम है। सिर्फ रेंज ही नहीं, रफ्तार के मामले में भी यह कार दमदार होगी। इसकी पावरफुल मोटर 172 hp की पावर और 193 Nm का टॉर्क जनरेट करेगी। इससे आपको ड्राइविंग का एक स्मूथ और दमदार अनुभव मिलेगा।
किससे होगा मुकाबला?
बाजार में कदम रखते ही मारुति की इस इलेक्ट्रिक कार का मुकाबला हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक (ह्यूंदै क्रेटा ईवी), किआ कैरेंस ईवी, टाटा सफारी ईवी और बीवाईडी ई-मैक्स 7 जैसी दिग्गज गाड़ियों से होगा। हालांकि, इन दिग्गजों के बीच मारुति की सबसे बड़ी ताकत इसकी किफायती कीमत और देश के कोने-कोने में फैला कंपनी का मजबूत सर्विस नेटवर्क होगा। यही कारण है कि यह कार आम आदमी के लिए न केवल बजट में फिट बैठेगी, बल्कि एक भरोसेमंद विकल्प के रूप में भी उभरेगी।