लॉक स्क्रीन स्मार्टफोन पर भी जमकर कंटेंट देखते हैं भारतीय, नई रिपोर्ट से हुआ खुलासा
रिपोर्ट में कहा गया है एक दिन में कोई यूजर औसतन 70 बार अपने फोन को अनलॉक करता है, जबकि 50 बार लॉक फोन को देखता है।

विस्तार
आप में से अधिकतर लोग आज स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहे हैं। दिनभर आपके फोन पर तमाम तरह के नोटिफिकेशन आते हैं जिनमें मनोरंजन, न्यूज, सोशल मीडिया आदि के नोटिफिकेशन शामिल हैं। आमतौर आप किसी नोटिफिकेशन को खोलने के लिए अपने फोन को अनलॉक करते हैं लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि ऐसे भी लोग हैं जो बिना अनलॉक किए ही कंटेंट देखते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल एक भारतीय ने लॉक स्क्रीन कंटेंट देखने में प्रतिदिन औसतन 25 मिनट बिताए हैं।
इसकी जानकारी ग्लांस ने अपनी एक रिपोर्ट में दी है। बता दें कि ग्लांस दुनिया की पहली कंपनी है जो डिवाइस की लॉक स्क्रीन पर लाइव कंटेंट देती है। ग्लांस की यह रिपोर्ट जनवरी 2020 से जनवरी 2021 तक यूजर के बिहेवियर को को लेकर तैयार की गई है।
ग्लांस में अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मोबाइल यूजर्स सबसे ज्यादा वीडियो कंटेंट देखते हैं। वीडियो कंटेंट का कंजप्शन 64 फीसदी है। वहीं आर्टिकल (टैक्स्ट और इमेज) की हिस्सेदारी 36 फीसदी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सस्ता इंटरनेट होने के कारण छोटे शहरों में वीडियो कंटेंट का कंजप्शन महानगरों के बराबर हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ, पुणे और पटना जैसे शहरों में हैदराबाद, बंगलूरू और कोलकाता की तुलना में अधिक वीडियो देखे जा रहे हैं।
कोरोना की वजह से मोबाइल गेमिंग में भी जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक मोबाइल गेम के इस्तेमाल में 153 फीसदी का इजाफा हुआ है। महामारी के दौरान घरों में बंद लोगों ने अपना समय मोबाइल पर गेम खेलकर बिताया। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रतिदिन एक यूजर ने तीन या इससे अधिक गेम खेला और 41 फीसदी ने हर रोज नए गेम पर हाथ आजमाया।