भारतीय बाजार को अलविदा कह सकती है यह चीनी मोबाइल कंपनी

पिछले साल जनवरी में भारत में आई चाइनीज कंपनी लेइको अब भारत छोड़कर जा सकती है। चीन की इस बड़ी कंपनी ने भारतीय बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए, पिछले साल ही कंपनी ने स्मार्ट फोन और स्मार्ट टीवी के बाजार में कदम रखा था।
हाल में मिली जानकारी के अनुसार कंपनी ने सेल्स, मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन डिपार्टमेंट के लगभग 85 फीसदी स्टाफ को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। सूत्रों की माने तो ग्राहकों से अच्छा रिस्पांस न मिलने के चलते, कंपनी का सुनहरा ख्वाब बीते एक साल में ही चकनाचूर हो गया।
कंपनी, बाकी बचे कर्मियों पर भी लगातार दबाव बना रही है कि वे कंपनी छोड़कर चले जाएं। अटकले हैं कि लेइको भारतीय बाजार में सुपर फोन्स और सुपर टीवी को बढ़ावा देने पर लाखों खर्च करने के बाद देश छोड़कर जा सकती है।
2,00,000 सुपरफोन बेचने का रखा था लक्ष्य

द इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के अनुसार आईडीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर जयदीप मेहता के अनुसार लेइको गंभीर रूप से आर्थिक समस्या से जुझ रही है। जिस कारण कंपनी ने भारत में लगभग काम बंद कर दिया है। पिछली तिमाही में कंपनी का शिपमेंट शून्य के बराबर रहा है।
कंपनी ने भारत में आने के बाद पांच फोन बाजार में उतारे। साथ ही कंपनी ने इंटरनेट पर आधारित कई सेवाएं भी उपलब्ध कराई। लेइको का नाम पर्यावरण तंत्र के आधार पर रखा गया था।
कंपनी के डिवाइस मात्र फोन के तौर पर नहीं थे बल्कि इकोसिस्टम के साथ ग्राहकों का जुड़ाव था। लेकिन कोई कंपनी केवल पेड कंटेंट के बदौलत नहीं चल सकती है।इसके लिए कंपनी को बड़ी आमदनी की भी आवश्यकता होती है।
हम देश में मौजूद अन्य कंपनियों को देख सकते हैं। वो अपना बिजनेस और सेवाएं दोनों कैसे मैनेज करती हैं। बता दें कि लेइको ने वित्तीय संकट में आने से पूर्व, साल 2016 में प्रति माह 2,00,000 सुपरफोन बेचने का लक्ष्य रखा था।