टेलीकॉम: जियो के ग्राहक रोज खर्च कर रहे 1.47GB डेटा, हर ग्राहक से कमाई में एयरटेल सबसे आगे, क्या है वीआई हाल?
- जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं।
- आंकड़ों से पता चलता है कि मोबाइल डेटा इस्तेमाल के मामले में जियो सबसे आगे है, जबकि प्रति ग्राहक कमाई (ARPU) में एयरटेल ने बाजी मारी है।
- वहीं, वीआई के पोस्टपेड ग्राहकों में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

विस्तार
भारत में मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। लोग वीडियो स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और दूसरे डिजिटल कामों के लिए पहले से ज्यादा डेटा खर्च कर रहे हैं। इसका असर टेलीकॉम कंपनियों के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। देश की तीन बड़ी निजी टेलीकॉम कंपनियों रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। इन नतीजों में मोबाइल डेटा इस्तेमाल, प्रति ग्राहक कमाई (ARPU) और नेटवर्क ट्रैफिक से जुड़े कई दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं।
30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, प्रति ग्राहक डेटा इस्तेमाल में जियो सबसे आगे है। वहीं, ARPU के मामले में एयरटेल ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है।
जियो के ग्राहक हर महीने इस्तेमाल कर रहे 44.2GB डेटा
- मोबाइल डेटा इस्तेमाल के मामले में रिलायंस जियो ने दोनों प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ दिया है। कंपनी के मुताबिक, उसका एक ग्राहक हर महीने औसतन 44.2GB मोबाइल डेटा इस्तेमाल कर रहा है। यानी रोजाना करीब 1.47GB डेटा खर्च हो रहा है।
- पिछली तिमाही में जियो का ARPU 215.6 रुपये था, जो बढ़कर 218.8 रुपये हो गया है। कंपनी का कुल नेटवर्क डेटा इस्तेमाल दूसरी तिमाही में 71.3 अरब GB रहा।
- जियो के 5G नेटवर्क का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ा है। सितंबर 2026 तक कंपनी के 5G ग्राहकों की संख्या 30 करोड़ पहुंच गई। पिछले 12 महीनों में 6.6 करोड़ नए 5G यूजर्स जुड़े हैं। कंपनी के कुल वायरलेस डेटा ट्रैफिक में 5G की हिस्सेदारी करीब 56 फीसदी हो गई है।
एयरटेल का ARPU सबसे ज्यादा, हर ग्राहक 36.5GB डेटा कर रहा इस्तेमाल
प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU के मामले में भारती एयरटेल सबसे आगे रही। कंपनी का ARPU पिछली तिमाही के 264 रुपये से बढ़कर 271 रुपये हो गया है। हालांकि, डेटा इस्तेमाल के मामले में एयरटेल जियो से पीछे है। एयरटेल के एक ग्राहक ने दूसरी तिमाही में हर महीने औसतन 36.5GB मोबाइल डेटा इस्तेमाल किया। यानी रोजाना करीब 1.22GB डेटा खर्च हुआ।
इस दौरान एयरटेल के नेटवर्क पर कुल 33,358 मिलियन GB डेटा ट्रैफिक दर्ज किया गया। ARPU में बढ़ोतरी बताती है कि कंपनी प्रति ग्राहक पहले के मुकाबले ज्यादा कमाई कर रही है।
जियो, एयरटेल और वीआई की तुलना
| प्रदर्शन के पैमाने | जियो | एयरटेल | वीआई |
|---|---|---|---|
| मासिक डेटा इस्तेमाल | 44.2GB | 36.5GB | 23GB |
| रोजाना डेटा इस्तेमाल | 1.47GB | 1.22GB | 767MB |
| ARPU | ₹218.8 | ₹271 | ₹178 |
वीआई के पोस्टपेड ग्राहकों में बढ़ोतरी
- वोडाफोन आइडिया के लिए दूसरी तिमाही में ग्राहक संख्या और डेटा इस्तेमाल के मोर्चे पर सुधार देखने को मिला। कंपनी का कुल ग्राहक आधार पहली तिमाही के 19.31 करोड़ से बढ़कर 19.44 करोड़ हो गया।
- कंपनी के पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या भी 3.19 करोड़ से बढ़कर 3.39 करोड़ पहुंच गई। वीआई के मुताबिक, पिछले नौ तिमाहियों में पोस्टपेड ग्राहकों की यह सबसे बड़ी तिमाही बढ़ोतरी है।
- डेटा इस्तेमाल की बात करें तो वीआई के एक 4G/5G ग्राहक ने हर महीने औसतन 23GB डेटा खर्च किया। यानी रोजाना करीब 767MB डेटा इस्तेमाल हुआ। कंपनी का कुल डेटा ट्रैफिक 93.6 पेटाबाइट प्रतिदिन रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 73.6 पेटाबाइट से 27.1 फीसदी ज्यादा है। वीआई का ब्लेंडेड ARPU भी पिछली तिमाही के 177 रुपये से बढ़कर 178 रुपये हो गया।
वीआई नेटवर्क पर 13,200 करोड़ रुपये खर्च करेगी
वोडाफोन आइडिया के सीईओ अभिजीत किशोर ने कहा कि कंपनी का फोकस नेटवर्क विस्तार और ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर है। कंपनी ने नेटवर्क से जुड़े कामों के लिए 13,200 करोड़ रुपये से ज्यादा के कैपेक्स ऑर्डर दिए हैं। इनमें से करीब 6,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है।
कंपनी ने फ्री इंटरनेशनल रोमिंग और फैमिली प्रीपेड प्लान जैसे नए ऑफर भी पेश किए हैं। वीआई को उम्मीद है कि फंड जुटाने से जुड़ी बातचीत में प्रगति के बाद नेटवर्क विस्तार की रफ्तार और बढ़ाई जा सकेगी।
- ऑनलाइन सेफ्टी: क्या गूगल पर दिख रहा है आपका मोबाइल नंबर? इस नए टूल से मिनटों में हटाएं अपना पर्सनल डेटा
- वीवो ला रहा नई स्मार्टवॉच: 25 दिन चलेगी बैटरी, 2.07 इंच की डिस्प्ले; फीचर्स देंगे एपल-सैमसंग को टक्कर
- टिप्स: बिना किसी के भनक लगे ऐसे देखें व्हाट्सएप स्टेटस; एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स अपनाएं ये ट्रिक