Jio ने चुपके से महंगा कर दिया यह प्लान, यह महंगे टैरिफ की शुरुआत तो नहीं
अब डर इस बात का है कि टैरिफ प्लान महंगे करने की शुरुआत जियो ने तो कर दी है, कहीं एयरटेल और वोडाफोन आइडिया भी अपने प्लान महंगे ना कर दें। आइए समझते हैं इस पूरे गणित से....

विस्तार
यदि आप भी स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। आपको अपनी जेब ढीली करने के लिए तैयार रहना होगा। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं कि रिलायंस Jio ने अपने एक प्लान को 150 रुपये महंगा कर दिया है और इसकी खबर भी बहुत ही कम लोगों को मिली है। अब डर इस बात का है कि टैरिफ प्लान महंगे करने की शुरुआत जियो ने तो कर दी है, कहीं एयरटेल और वोडाफोन आइडिया भी अपने प्लान महंगे ना कर दें। आइए समझते हैं इस पूरे गणित को...
रिलायंस जियो का 749 रुपये का प्लान अब 899 रुपये का हो गया है। वैसे यदि आपको नहीं पता है तो आपको बता दें कि यह प्लान सिर्फ जियो फोन यूजर्स के लिए है यानी यदि आप कोई अन्य फोन इस्तेमाल कर रहे हैं तो जियो का यह प्लान आपके लिए नहीं है। जियो फोन के इस प्लान में हर रोज 2 जीबी डाटा मिलता है। इसके अलावा सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है। इस प्लान के साथ 336 दिनों की वैधता मिलती है।
हर साल टेलीकॉम कंपनियां अपने प्लान महंगे कर रही हैं जिससे उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सभी कंपनियों के प्री-पेड प्लान पहले जैसे महंगे हो जाएंगे। कुछ दिन पहले आई एक रिपोर्ट के मुताबिक जियो, एयरटेल और वोडाफोन जैसी निजी कंपनियां इस साल दीवाली तक अपने प्री-पेड प्लान 10% से 12% तक महंगे कर सकती हैं।
इस इजाफा के बाद यदि किसी प्लान की कीमत 100 रुपये है तो उसकी कीमत 110 से 112 रुपये हो सकती है। कहा जा रहा है कि टैरिफ प्लान महंगे होने से टेलीकॉम कंपनियों को फायदा होगा और उनका एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) 10% तक बढ़ जाएगा। इस बढ़ोतरी के बाद Airtel, Jio और Vi के ARPU क्रमशः 200 रुपये, 185 रुपये और 135 रुपये हो जाएंगे।