Jio कर रहा छह करोड़ ग्राहकों को तोहफा देने की तैयारी, सरकार से चल रही है बातचीत

रिलायंस जियो में पिछले एक महीने के अंदर तीन बड़ी कंपनियों ने अरबों रुपये का निवेश किया है। भले ही भारत में फीचर फोन यूजर्स को स्मार्टफोन वाले फीचर्स नहीं मिलते हैं, लेकिन जियो ने इस धारणा को खत्म कर दिया है। जियो ने फीचर फोन होने के बावजूद अपने जियो फोन में व्हाट्सएप, फेसबुक और यूट्यूब के अलावा गूगल असिस्टेंट का सपोर्ट दिया है। वहीं अब जियो फोन यूजर्स को बड़ा तोहफा मिलने वाला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलायंस जियो भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के साथ जियो फोन में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के लिए बात कर रहा है। यदि बातचीत सफल रही तो जल्द ही जियो फोन यूजर्स भी यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे। यूपीआई सपोर्ट के बाद जियो फोन यूजर्स किसी भी दुकान पर फोन से ही पेमेंट कर सकेंगे, किसी को पैसे भेज सकेंगे और किसी से पैसे मंगा सकेंगे।

जियो और NPCI के बीच यह बातचीत फेसबुक से साथ हुई डील से पहले से ही चल रही है। यदि वाकई जियो फोन में यूपीआई का सपोर्ट मिलता है तो यह अपने आप में बहुत बड़ी बात होगी और छह करोड़ फीचर फोन यूजर्स भी अपने फोन डिजिटल पेमेंट करने में सक्षम हो जाएंगे।