Jio IPO DRHP: 52 करोड़ ग्राहक और सबसे ज्यादा कमाई, जानें Airtel और Vi के मुकाबले कहां खड़ा है रिलायंस जियो

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीेSuyash Pandey
Fri, 19 Jun 2026 08:52 PM IST
सार

Jio Lead Over Airtel And Vodafone Idea:

रिलायंस जियो ने अपने बहुप्रतीक्षित आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज जमा कर दिए हैं। इन दस्तावेजों के मुताबिक, जियो कमाई, ग्राहकों की संख्या और डेटा इस्तेमाल के मामले में एयरटेल और वोडाफोन आइडिया को पछाड़कर मार्केट लीडर बना हुआ है। कमाई और ग्राहक वृद्धि के मामले में भी जियो अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों एयरटेल और वोडाफोन आइडिया से आगे निकल चुकी है।

Jio IPO Filing Reveals Massive Lead Over Airtel and Vodafone Idea in Users, Revenue and Data Usage
जियो कमाई, ग्राहकों की संख्या और डेटा इस्तेमाल के मामले में एयरटेल और वोडाफोन आइडिया को पछाड़कर मार् - फोटो : एआई

    विस्तार

    रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) के ठीक बाद, रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपना बहुप्रतीक्षित आईपीओ लाने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास अपने शुरुआती दस्तावेज (DRHP) जमा कर दिए हैं।

    इन दस्तावेजों से साफ पता चलता है कि ग्राहकों की संख्या, कमाई और नेटवर्क के इस्तेमाल के मामले में जियो अपने प्रतिद्वंदियों- भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) से काफी आगे है।

    ब्रॉडबैंड मार्केट में किसका कितना कब्जा?

    दस्तावेजों के मुताबिक, भारतीय मोबाइल मार्केट में मुख्य रूप से चार कंपनियां हैं। इनमें से टॉप-3 कंपनियों के पास ही 97% से ज्यादा मोबाइल ब्रॉडबैंड मार्केट शेयर है (31 मार्च 2026 तक के आंकड़े):

    • रिलायंस जियो:50% (मार्केट लीडर)
    • भारती एयरटेल:35%
    • वोडाफोन आईडिया (Vi):13%
    • बीएसएनएल:2%

    (चूंकि बीएसएनएल शेयर बाजार में लिस्टेड नहीं है, इसलिए वित्तीय तुलना केवल जियो, एयरटेल और Vi के बीच की गई है।)

    कमाई और मुनाफे की रेस में कौन आगे?

    वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) के आंकड़ों के अनुसार, कमाई के मामले में जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई है। पिछले दो वर्षों में जियो की कमाई में 34% का शानदार उछाल आया है।

    कंपनीकुल कमाईऑपरेटिंग प्रॉफिटनेट प्रॉफिट
    रिलायंस जियो₹1.47 लाख करोड़₹76,255 करोड़₹30,049 करोड़
    एयरटेल इंडिया₹1.40 लाख करोड़₹82,193 करोड़₹33,823 करोड़ (ग्लोबल)*
    वोडाफोन आईडिया₹44,873 करोड़₹19,004 करोड़₹34,552 करोड़

    नोट:

    एयरटेल अपने मुनाफे का आंकड़ा सिर्फ भारत के लिए नहीं, बल्कि अफ्रीका सहित पूरे ग्रुप के स्तर पर जारी करता है।

    जियो के यूजर्स सबसे ज्यादा

    जियो के नेटवर्क पर न सिर्फ सबसे ज्यादा ग्राहक हैं, बल्कि वे सबसे ज्यादा डेटा भी खर्च करते हैं:

    • कुल ग्राहक:FY26 के अंत तक जियो के पास 52.44 करोड़ यूजर्स थे। वहीं एयरटेल के पास 48.24 करोड़ और Vi के पास 19.28 करोड़ यूजर्स रहे।
    • नए ग्राहक जुड़े:इस साल जियो ने 3.62 करोड़ नए ग्राहक जोड़े, जबकि Vi को 54 लाख ग्राहकों का नुकसान हुआ।
    • महीने का डेटा इस्तेमाल (प्रति यूजर):जियो का एक यूजर महीने में औसतन 42.3 GB डेटा इस्तेमाल करता है। इसके मुकाबले एयरटेल के यूजर्स 31.4 GB और Vi के यूजर्स 20.2 GB डेटा खर्च करते हैं।
    • कुल डेटा ट्रैफिक:जियो के नेटवर्क पर पूरे साल में 241.4 अरब GB डेटा इस्तेमाल हुआ, जो एयरटेल से दोगुने से भी ज्यादा है।
    • कस्टमर रिटेंशन:जियो का मंथली चर्न रेट (यानी नेटवर्क छोड़कर जाने वाले ग्राहकों की दर) मात्र 1.67% रहा, जो एयरटेल (2.43%) और Vi (3.9%) से काफी कम है।

    आईपीओ के पैसों का क्या करेगी जियो?

    जियो प्लेटफॉर्म्स अपने प्रस्तावित आईपीओ के जरिए करीब ₹27,500 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली इस कंपनी ने बताया है कि वह इस रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपना कर्ज चुकाने के लिए करेगी। इस आईपीओ में करीब 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे, हालांकि इसके पूरे साइज की डिटेल अभी सामने आना बाकी है।