जियो गीगा फाइबर: कारोबारी ने कंपनी के कर्मचारी के खिलाफ की ट्राई में शिकायत

रिलायंस जियो के गीगा फाइबर को लेकर बाजार गर्म है। हर दिन एक नई रिपोर्ट आ रही है, हालांकि अभी तक यह कन्फर्म नहीं हुआ है कि जियो गीगा फाइबर का प्लान कितने होगा और कौन-कौन से प्लान लॉन्च होंगे। वैसे कई शहरों जियो ने टेस्टिंग के तहत प्रिव्यू प्लान लॉन्च किया है। इसके लिए लोगों के 4,500 रुपये सिक्योरिटी के तौर पर लिए जा रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के एक शख्स ने जियो गीगा फाइबर के एक सेल्स एग्जिक्युटिव के खिलाफ टेलीकॉम रेग्युलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) को शिकायत की है।
45 रुपये बताकर काट लिए 4,500 रुपये

पीड़ित का आरोप है कि जियो के एक सेल्स एग्जिक्युटिव ने उनसे जियो गीगा फाइबर के नाम पर धोखाधड़ी की है और उनसे 4,500 रुपये लिए हैं। साथ ही एक्जिक्युटिव ने पैसे वापस करने से भी मना कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि एक्जिक्युटिव ने उनसे 45 रुपये में जियो गीगा फाइबर का प्लान देने की बात कही थी लेकिन जैसे ही उन्होंने पेमेंट किया तो उनके खाते से 4,500 रुपये काट लिए गए। पीड़ित का कहना है कि 4,500 रुपये देने के बाद भी उन्हें जियो गीगा फाइबर का कनेक्शन नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने उस एग्जिक्यूटिव को फोन किया तो वह अब फोन रिसीव नहीं कर रहा है। घटना के 1 महीने से ज्यादा बीत जाने के बाद पीड़ित कारोबारी राजीव अरोड़ा ने ट्राई से शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है।
नवभारत टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक राजीव अरोड़ा ने बताया कि 17 मार्च को उनके घर 3 लोगों की टीम आई थी। इन लोगों ने खुद का परिचय जियो गीगा फाइबर के कर्मचारी के रूप में दिया और कहा कि दो महीने बाद कंपनी नया प्रोडक्ट लॉन्च करने वाली है। ऐसे में सिर्फ 45 रुपये में उन्हें 1 साल के लिए मेंबरशिप मिल जाएगी।
वहीं जियो से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक कंपनी के कर्मचारी पीड़ित के पास गए जरूर थे लेकिन उन्होंने 45 रुपये नहीं, बल्कि 4,500 रुपये का प्लान बताया था और पेमेंट भी 4,500 का ही हुआ था। वहीं सूत्र ने कहा कि कंपनी ने शिकायतकर्ता के पैसे भी लौटा दिए गए हैं।