जियो लेकर आया चार सस्ते रिचार्ज प्लान: बिना डेटा के 147 रुपये से होंगे शुरू, रोज के लिए कौन सा सबसे अच्छा?
डेटा नहीं सिर्फ कॉल और SMS चाहिए तो जियो के 147 रुपये से शुरू होने वाले ये चार नए प्लान चेक जरूर करलें। जानिए 147 और 177 में कौन सा रोज के हिसाब से सस्ता पड़ेगा। 196 और 197 में फर्क क्या है और एयरटेल से कितने रुपये कम हैं।

विस्तार
अगर आप फोन पर इंटरनेट कम चलाते हैं और ज्यादातर कॉल या SMS के लिए रिचार्ज कराते हैं, तो रिलायंस जियो ने आपके लिए चार सस्ते विकल्प रखे हैं। कंपनी की वेबसाइट पर 'TRAI मैंडेटेड पैक' वाले हिस्से में 147, 177, 196 और 197 रुपये के प्लान दिख रहे हैं। इन सभी में अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 300 SMS मिलते हैं, लेकिन मोबाइल डेटा बिल्कुल नहीं मिलता। आइए जानते हैं कंपनी ने कौन से सस्ते ऑप्शन दिए हैं
अब ये चार तरह के रीचार्च भी कर सकते हैं यूजर्स
- ₹147 का प्लान:22 दिन की वैलिडिटी, अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS।
- ₹177 का प्लान:28 दिन की वैलिडिटी, अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS।
- ₹196 का प्लान:30 दिन की वैलिडिटी, अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS।
- ₹197 का प्लान:एक कैलेंडर महीने की वैलिडिटी, अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS।
147 या 177 कौन सा प्लान पड़ेगा सस्ता?
147 रुपये का प्लान जेब पर सबसे हल्का पड़ता है, पर उसकी वैधता सिर्फ 22 दिन की है। अगर आप 30 रुपये और खर्च कर 177 रुपये वाला प्लान लें, तो छह दिन ज्यादा मिलते हैं, यानी ये प्लान कुल 28 दिन के लिए मिल जाएगा। हिसाब लगाएं तो 177 रुपये वाले प्लान में रोज का खर्च करीब 6.32 रुपये आता है, जबकि 147 रुपये वाले में यह 6.68 रुपये बैठता है। मतलब रिचार्ज की रकम 147 वाले की कम है, पर रोज के हिसाब से 177 वाला सस्ता है।
196 और 197 रुपये में बस एक रुपये का फर्क
इन दोनों में फायदे एक जैसे हैं, फर्क सिर्फ रिचार्ज के चक्र का है। 196 रुपये वाला प्लान पूरे 30 दिन चलता है। 197 रुपये वाला कैलेंडर महीने के हिसाब से चलता है, यानी हर महीने उसी तारीख को रिचार्ज कराना होगा। मान लीजिए आपने 5 नवंबर को रिचार्ज कराया, तो अगला रिचार्ज 5 दिसंबर को पड़ेगा। अगर अगले महीने में वह तारीख ही न हो, तो रिचार्ज उस महीने की आखिरी तारीख को होगा। जिन्हें महीने की तय तारीख याद रखना आसान लगता है, उनके लिए यह प्लान सुविधाजनक रहेगा।
एयरटेल के प्लान से कैसे है अलग?
एयरटेल के पास भी ऐसे तीन प्लान हैं: 28 दिन के लिए 185 रुपये, 30 दिन के लिए 203 रुपये और एक महीने के लिए 206 रुपये। इनमें भी अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS मिलते हैं, डेटा नहीं। इस हिसाब से जियो के बराबर वैधता वाले प्लान थोड़े सस्ते हैं। 28 दिन वाला 8 रुपये, 30 दिन वाला 7 रुपये और महीने वाला 9 रुपये कम है। इसके अलावा जियो 22 दिन का 147 रुपये वाला प्लान भी देता है, जो एयरटेल की लिस्ट में नहीं है।
लंबी वैधता चाहिए तो कौन सा रिचार्ज करें?
जिन्हें बार-बार रिचार्ज की झंझट नहीं चाहिए, उनके लिए जियो के 448 रुपये 84 दिन और 1748 रुपये 336 दिन वाले वॉइस-SMS प्लान पहले की तरह उपलब्ध हैं।
किसके लिए फायदेमंद?
ये प्लान उन लोगों के काम आ सकते हैं, जो सिर्फ बात करने और मैसेज के लिए नंबर चालू रखते हैं, या जिनके घर-दफ्तर में वाई-फाई से इंटरनेट चल जाता है। एक बार में कम पैसे देने वाली बात भी कई लोगों को पसंद आएगी। लेकिन अगर आप रोज़ मोबाइल डेटा इस्तेमाल करते हैं, तो पहले डेटा वाले रिचार्ज से कुल खर्च का हिसाब मिला लें, फिर फैसला करें। कीमतों में अंतर बहुत ज्यादा नहीं है, इसलिए प्लान चुनते समय सिर्फ पैसे नहीं, अपने इलाके में नेटवर्क कैसा चलता है, यह भी देख लेना समझदारी होगी।