AI का डर होने लगा सच: जैक डोर्सी की कंपनी ब्लॉक में बड़ी छंटनी, एआई की वजह से 4 हजार लोगों को निकाला
Block Lay Off:
क्या एआई अब सच में हमारी नौकरियां ले रहा है? एक्स के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी की फिनटेक कंपनी 'ब्लॉक' का नया फैसला कुछ यही इशारा करता है। मुनाफा कमाने और अच्छी ग्रोथ के बावजूद, कंपनी ने अपने 4 हजार कर्मचारियों को निकालने का बड़ा एलान किया है। वजह कोई आर्थिक घाटा नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता इस्तेमाल है।

विस्तार
एक्स के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी के नेतृत्व वाली फिनटेक कंपनी ब्लॉक (Block) ने एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। कंपनी ने अपने करीब 4 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का एलान किया है। ये संख्या कंपनी में काम करने वाले कुल लोगों का लगभग आधा है। इस छंटनी की सबसे बड़ी वजह कोई आर्थिक नुकसान नहीं है बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बढ़ता इस्तेमाल है।
एआई ने बदल दिया है काम करने का तरीका
जैक डोर्सी ने बताया कि एआई के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने कंपनियों के काम करने का ढांचा पूरी तरह से बदल दिया है। इसी बदलाव के कारण कंपनी को यह कड़ा फैसला लेना पड़ा। डोर्सी ने अपने बयान में कहा, "एआई टूल्स ने कंपनी बनाने और उसे चलाने का मतलब बदल दिया है। एक छोटी टीम, सही टूल्स के साथ अब पहले से कहीं ज्यादा और बेहतर काम कर सकती है।" उनका मानना है कि वे यह फैसला लेने में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं बल्कि बाकी कंपनियां इस बदलाव को समझने में देर कर रही हैं।
कंपनी घाटे में नहीं है, मुनाफा बढ़ रहा है
अक्सर छंटनी तब होती है जब कंपनी वित्तीय संकट में हो लेकिन डोर्सी ने साफ किया कि ब्लॉक के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने बताया कि:
- कंपनी का ग्रॉस प्रॉफिट (मुनाफा) लगातार बढ़ रहा है।
- ग्राहकों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
- कंपनी का कारोबार पूरी तरह से मजबूत है।
- एक बार में ही लिया बड़ा फैसला:डोर्सी ने कहा कि बार-बार थोड़ी-थोड़ी छंटनी करने से कर्मचारियों का मनोबल टूटता है और काम से फोकस हटता है। इसलिए कंपनी ने एक ही बार में यह कड़ा लेकिन स्पष्ट फैसला लिया।
निकाले गए कर्मचारियों को क्या-क्या मिलेगा?
जिन 4 हजार कर्मचारियों की नौकरी गई है उनके लिए कंपनी ने एक अच्छे 'सपोर्ट पैकेज' की घोषणा की है ताकि उन्हें तुरंत परेशानी न हो:
- 20 हफ्तों की फुल सैलरी दी जाएगी।
- कंपनी में काम किए गए हर साल के बदले 1 हफ्ते की एक्स्ट्रा सैलरी मिलेगी।
- अगले 6 महीने तक हेल्थकेयर (मेडिकल) सुविधा जारी रहेगी।
- कर्मचारी अपना कंपनी का लैपटॉप/डिवाइस अपने पास रख सकेंगे।
- नई नौकरी ढूंढने और इस मुश्किल समय में मदद के तौर पर $5,000 (करीब 4 लाख रुपये) अलग से दिए जाएंगे।
कंपनी पर कितना आएगा खर्च?
ब्लॉक (जिसे 2009 में 'स्क्वैर' के नाम से शुरू किया गया था) डिजिटल फाइनेंस और ब्लॉकचेन पर काम करती है। कंपनी ने बताया कि इतने बड़े स्तर पर हो रहे इस बदलाव की वजह से उसे लगभग 45 से 50 करोड़ डॉलर का खर्च उठाना पड़ेगा। हालांकि पिछली तिमाही में कंपनी का मुनाफा पिछले साल के मुकाबले बेहतर रहा है।
क्या हैं इसके मायने?
जैक डोर्सी का यह कदम इस बात का साफ इशारा है कि टेक जगत में 'कम कर्मचारी और ज्यादा एआई' का मॉडल अब नई हकीकत बन रहा है। आने वाले समय में एआई के कारण कॉर्पोरेट दुनिया में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।