'यह एक अद्भुत नई दुनिया है': AI पर रोक की मांग पर एलन मस्क का तंज, स्पेस में डेटा सेंटर को लेकर क्या?

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Thu, 05 Nov 2026 03:00 PM IST
सार
  • एलन मस्क ने एआई पर रोक की मांग पर तंज कसते हुए AI को अद्भुत नई दुनिया बताया है।
  • डेमोक्रेट सांसद यास्मीन अंसारी ने एडवांस्ड एआई पर रोक और सुपरइंटेलिजेंस पर बैन की मांग की थी।
  • 'स्पेस में डेटा सेंटर' को लेकर भी मस्क ने पोस्ट किया है।
Its a Brave New World Musk Reacts as Democrat Calls for Pause on Advanced AI Ban on Superintelligence
प्रतीकात्म इमेज - फोटो : Amar Ujala Digital

    विस्तार

    अमेरिकी अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर एक डेमोक्रेटिक सांसद की मांग पर प्रतिक्रिया दी है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'It’s a Brave New World', यानी यह एक नई और अजीब दुनिया है। मस्क की यह टिप्पणी एरिजोना की डेमोक्रेटिक सांसद यास्मीन अंसारी के बयान के बाद आई है।

    दरअसल अंसारी ने एक्स पर लिखा था कि डेमोक्रेटिक पार्टी के एजेंडे में पहले दिन से ही एडवांस्ड एआई के विकास पर रोक, इस बेकाबू होती इंडस्ट्री पर नियम-कानून और आर्टिफिशियल सुपरइंटेलिजेंस पर पाबंदी सबसे ऊपर होनी चाहिए।

    चुनावी नतीजों पर क्या तंज कसा?

    यह बहस ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिका में 2026 के मध्यावधि चुनाव के नतीजों से राजनीति गरमाई हुई है। मस्क ने डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत पर भी मजाकिया अंदाज में पोस्ट किए। उन्होंने पहले लिखा कि 'स्पेस में डेटा सेंटर बनाना अब काफी अच्छा विकल्प लग रहा है।' फिर चुटकी लेते हुए कहा 'लगता है चुनाव में दखल देने वाले मेरे स्पेस लेजर इस बार काम नहीं कर पाए।' अमेरिकी टीवी नेटवर्क्स के अनुमानों के मुताबिक डेमोक्रेटिक पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट, दोनों में दोबारा बहुमत हासिल करने की ओर है। इससे वॉशिंगटन में सत्ता का संतुलन बड़े पैमाने पर बदल गया है।

    रिपब्लिकन्स पर खर्च किए करोड़ों डॉलर

    एनबीसी न्यूज के मुताबिक मस्क इस चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के सबसे बड़े समर्थकों में रहे। उन्होंने पार्टी के कांग्रेस अभियानों में करीब 25 करोड़ डॉलर लगाए। उनके सबसे बड़े दांव में से एक टेक्सस की सीनेट सीट थी, जहां रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को डेमोक्रेट जेम्स तालारिको ने हरा दिया। टेक्सस को लंबे समय से रिपब्लिकन का गढ़ माना जाता रहा है, इसलिए इसे डेमोक्रेट्स की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

    तालारिको ने जीत के बाद अपने भाषण में मस्क का जिक्र भी किया। उन्होंने अपने अभियान की तुलना बाइबिल की उस कहानी से की, जिसमें छोटा-सा डेविड ताकतवर गोलियत से भिड़ता है। उन्होंने मस्क, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वॉशिंगटन के स्थापित सिस्टम को उन ताकतवर शक्तियों में गिनाया, जिनसे उनकी टीम को लड़ना पड़ा।

    टेक इंडस्ट्री में बेचैनी

    चुनावी नतीजों के बाद टेक सेक्टर के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। रातभर में अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स में गिरावट देखी गई, क्योंकि निवेशकों को डर है कि नई सत्ता का असर इस इंडस्ट्री पर पड़ सकता है। रिपब्लिकन्स की इस हार को मस्क के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि भारी-भरकम फंडिंग के बावजूद वे पार्टी को कई अहम हार से नहीं बचा सके, वह भी उन राज्यों में, जहां पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन मजबूत रहे हैं।

    आगे क्या हो सकता है?

    इन नतीजों से कांग्रेस में डेमोक्रेट्स की स्थिति मजबूत हुई है। अब वे ट्रंप के कानूनी एजेंडे को चुनौती दे सकेंगे और उनके कार्यकाल के बचे दो वर्षों में प्रशासन की कड़ी निगरानी कर सकेंगे। साथ ही टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर सख्त जांच-पड़ताल का रास्ता भी खुल सकता है।