Apple Siri: आईफोन के वॉइस असिस्टेंट सिरी से हो गए हैं बोर? जल्द कर पाएंगे जेमिनी और अलेक्सा का इस्तेमाल
आईफोन में बहुत जल्द बड़ा बदलाव आ सकता है। एपल जापान के लिए एक नया फीचर ला रहा है जो लोगों को सिरी की जगह कोई भी थर्ड-पार्टी वॉइस असिस्टेंट जैसे जेमिनी और अलेक्सा का इस्तेमाल करने देगा। ये फीचर आईओएस 26.2 के लेटेस्ट डेवलपर बीटा में सामने आया है।

विस्तार
अगर आप आईफोन इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है, आईफोन में बहुत जल्द बड़ा बदलाव आ सकता है, लेकिन फिलहाल ये बदलाव सिर्फ जापान के यूजर्स के लिए है। एपल एक नया फीचर ला रहा है जो लोगों को सिरी की जगह कोई भी थर्ड-पार्टी वॉइस असिस्टेंट जैसे जेमिनी और अलेक्सा का इस्तेमाल करने देगा। ये फीचर आईओएस 26.2 के लेटेस्ट डेवलपर बीटा में सामने आया है। ये अपडेट पहली बार है जब एपल किसी दूसरे असिस्टेंट को सिस्टम लेवल पर सिरी की जगह लेने देगा।
आईओएस 26.2 के बीटा 3 में ये बदलाव सबसे पहले दिखा, जिसमें साइड बटन के साथ नई सेटिंग्स दी गई हैं। अब यूजर्स साइड बटन प्रेस पर सिरी की जगह जेमिनी या अलेक्सा जैसे किसी और वॉइस असिस्टेंट को सेट कर सकते हैं। एपल ने डेवलपर दस्तावेजों में पुष्टि की है कि ये फीचर फिलहाल सिर्फ जापान के लिए है। लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि ये जल्द ही भारत समेत सभी जगहों के लिए उपलब्ध हो सकता है।
फिलहाल सिर्फ जापान को मिलेगा सिरी का विकल्प
एपल के दस्तावेजों के मुताबिक, जिन आईफोन यूजर्स का एपल अकाउंट जापान सेट है और डिवाइस भी जापान में है, वो साइड बटन को गूगल जेमिनी, अमेजन अलेक्सा या किसी भी वॉइस-आधारित एप से मैप कर पाएंगे। मतलब साइड बटन को प्रेस और होल्ड करने पर सिरी नहीं बल्कि आपके पसंद का चुना हुआ असिस्टेंट डायरेक्ट लॉन्च होगा। लेकिन ये फीचर तभी काम करेगा जब डेवलपर्स अपनी एप्स को अपडेट करके साइड-बटन एक्टिवेशन सपोर्ट दें। एपल का कहना है कि एप्स को तुरंत ऑडियो सेशन शुरू करना होगा ताकि यूजर वॉइस असिस्टेंट के जरिए बात कर सके।
नया फीचर सिर्फ जापान के लिए क्यों?
पहले माना जा रहा था कि ये फीचर यूरोपीय संघ के डिजिटल मार्केट्स एक्ट (DMA) के लिए आ रहा है, जो एपल को थर्ड-पार्टी एप्स को हार्डवेयर फीचर्स तक फेयर एक्सेस देने को कहता है। लेकिन एपल के डॉक्यूमेंट्स बताते हैं कि ये जापान के मोबाइल सॉफ्टवेयर कॉम्पिटीशन एक्ट गाइडलाइंस के कारण है, जो इसी तरह की कम्पटीशन और अंतर की मांग करते हैं। एपल कहता है कि ये शॉर्टकट फिलहाल सिर्फ जापान में मिलेगा, लेकिन भविष्य में दूसरे देशों के लिए भी आ सकता है।
यूरोपीय संघ के लिए भी आ सकता है सिरी का रिप्लेसमेंट
ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि यूरोपीय संघ में एपल के सिरी का रिप्लेसमेंट आ सकता है। यूरोपीय संघ का डिजिटल मार्केट्स एक्ट (DMA) साफ कहता है कि यूजर्स को डिफॉल्ट सिस्टम्स बदलने का आसान तरीका उपलब्ध होना चाहिए, जिसमें वर्चुअल असिस्टेंट भी शामिल है। पहले से रिपोर्ट्स थीं कि एपल यूरोप में सिरी के पद को प्रतिस्थापित करने की तैयारी कर रहा है। अगर जापान में सब ठीक रहा, तो एपल ईयू के नियमों के लिए भी ये फीचर ला सकता है।
आईफोन पर वॉइस असिस्टेंट्स का नया दौर
ये अपडेट पहली बार है जब एपल किसी दूसरे असिस्टेंट को सिरी की जगह लेने देगा। आईफोन सेटिंग्स कंट्रोल जैसी डीप इंटीग्रेशन सिरी के पास ही रहेगी, लेकिन साइड बटन से किसी और असिस्टेंट को लॉन्च करना एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। फिलहाल सिर्फ जापान के यूजर्स सिरी को किसी और एआई से बदल पाएंगे। लेकिन अगर वैश्विक नियम एपल पर दबाव बनाते रहे तो ये जल्द ही पूरी दुनिया के लिए लॉन्च हो सकता है। पहली बार आईफोन यूजर्स को वॉइस असिस्टेंट चुनने की असली आजादी मिलेगी।