आईफोन डुओ बनाम सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा: 3 लाख वाला आईफोन या 200एमपी कैमरा चैंपियन; आपकी पसंद कौन?

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 11 Sep 2026 01:03 PM IST
सार

एपल का पहला फोल्डेबल आईफोन डुओ करीब 3 लाख रुपये से शुरू होता है, जबकि सैमसंग जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा कम कीमत में बड़ी स्क्रीन और 200MP कैमरा देता है। लेकिन क्या आईफोन की ज्यादा कीमत वाकई इसके फीचर्स को सही ठहराती है? जानें दोनों में कौन बेहतर है।

विज्ञापन
iphone duo vs samsung galaxy z fold 8 ultra price camera display battery comparison
iPhone Duo के साथ फोल्डेबल सेगमेंट में उतरा एपल। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    iPhone Duo vs Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra:

    फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में आईफोन डुओ (iPhone Duo) के आने से अब मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। एपल ने लंबे इंतजार के बाद अपना पहला फोल्डेबल फोन पेश कर दिया है। दूसरी तरफ, सैमसंग इस बाजार में पहले से मजबूत स्थिति में है और उसका नया गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा (Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra) प्रीमियम सेगमेंट में चुनौती पेश करता है। दोनों फोन की कीमत, स्क्रीन, कैमरा, प्रोसेसर और बैटरी में बड़ा अंतर है। ऐसे में सवाल है कि करीब तीन लाख रुपये से शुरू होने वाला आईफोन डुओ सैमसंग के फोल्डेबल फोन के मुकाबले कितना बेहतर है?

    भारत में किसकी कीमत कितनी?

    • कीमत की बात करें तो आईफोन डुओ की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है। यह कीमत 256 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की है। 512 जीबी मॉडल के लिए 3,24,900 रुपये खर्च करने होंगे। एपल ने इसे 1 टीबी और 2 टीबी स्टोरेज विकल्प में भी उतारा है। इनकी कीमत क्रमश: 3,74,900 रुपये और 4,49,900 रुपये है। यानी सबसे ज्यादा स्टोरेज वाला मॉडल साढ़े चार लाख रुपये के करीब पहुंच जाता है।
    • इसके मुकाबले सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा की शुरुआती कीमत 1,99,999 रुपये है। इसके 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत इतनी है। 12 जीबी रैम और 512 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 2,19,999 रुपये है, जबकि 16 जीबी रैम और 1 टीबी स्टोरेज वाला मॉडल 2,59,999 रुपये में आता है। यानी शुरुआती कीमत के मामले में सैमसंग का फोन आईफोन डुओ से करीब एक लाख रुपये सस्ता है।

    किसकी स्क्रीन ज्यादा बड़ी?

    • आईफोन डुओ में 7.6 इंच की फोल्डेबल सुपर रेटिना एक्सडीआर स्क्रीन दी गई है। इसमें प्रोमोशन तकनीक के साथ 120 हर्ट्ज तक का रिफ्रेश रेट मिलता है। फोन के बाहर 5.4 इंच की कवर स्क्रीन दी गई है, जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। कवर डिस्प्ले के ऊपरी हिस्से में डायनामिक आइलैंड दिया गया है। इसके अलावा फोन में टाइटेनियम फ्रेम और हिंज कवर मिलता है। कैमरे से जुड़े फीचर्स तक जल्दी पहुंचने के लिए इसमें कैमरा कंट्रोल बटन भी दिया गया है।
    • सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा में इससे बड़ी 8 इंच की अंदरूनी एमोलेड स्क्रीन मिलती है। बाहर की तरफ 6.5 इंच का कवर डिस्प्ले है। दोनों स्क्रीन 120 हर्ट्ज तक का रिफ्रेश रेट देती हैं। सैमसंग ने कवर स्क्रीन पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास सेरेमिक 3 सुरक्षा दी है। दोनों फोन में स्क्रीन पर एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग भी मिलती है।

    प्रोसेसर के लिहाज से कौन बेहतर?

    • आईफोन डुओ में एपल का नया ए20 प्रो चिपसेट दिया गया है। फोन को अधिकतम 2 टीबी स्टोरेज के साथ पेश किया गया है। एपल आमतौर पर अपने आईफोन मॉडल में रैम और बैटरी की क्षमता आधिकारिक तौर पर प्रमुखता से नहीं बताता। हालांकि, रिपोर्ट में इसे 12 जीबी रैम के साथ आने का दावा किया गया है।
    • एपल के अनुसार, आईफोन डुओ बाहरी स्क्रीन का इस्तेमाल करने पर 44 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है। अंदर की फोल्डेबल स्क्रीन के साथ यह आंकड़ा 31 घंटे तक बताया गया है। दूसरी तरफ, सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा में गैलेक्सी के लिए खास तौर पर तैयार स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 चिपसेट दिया गया है। इसमें अधिकतम 16 जीबी रैम और 1 टीबी तक स्टोरेज मिलती है।
    • यानी रैम के मामले में सैमसंग आगे दिखाई देता है, जबकि स्टोरेज के अधिकतम विकल्प में आईफोन डुओ बाजी मारता है।

    बैटरी और चार्जिंग में कौन आगे?

    • आईफोन डुओ के मामले में एपल ने बैटरी की क्षमता का आंकड़ा साझा नहीं किया है। हालांकि कंपनी का दावा है कि फोन करीब 20 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है। इसमें 25 वॉट वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है।
    • सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा में 5,000 एमएएच की बैटरी दी गई है। फोन 45 वॉट वायर्ड चार्जिंग और 20 वॉट वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करता है। चार्जिंग की क्षमता देखें तो सैमसंग ज्यादा तेज वायर्ड चार्जिंग उपलब्ध कराता है। वहीं आईफोन डुओ में एपल ने बैटरी क्षमता की बजाय वीडियो प्लेबैक जैसे उपयोग के आंकड़ों पर ज्यादा जोर दिया है।

    कैमरा में किसका सेटअप ज्यादा दमदार?

    • कैमरा सेक्शन में दोनों फोन के बीच काफी अंतर देखने को मिलता है। आईफोन डुओ में पीछे की तरफ दो कैमरों का सेटअप है। इसमें 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए कवर स्क्रीन पर 12 मेगापिक्सल का सेंटर स्टेज कैमरा दिया गया है। इसके अलावा अंदर वाली फोल्डेबल स्क्रीन पर डिस्प्ले के नीचे कैमरा भी मौजूद है।
    • सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 10 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा शामिल है। इसके अलावा सैमसंग ने कवर और अंदरूनी दोनों डिस्प्ले के लिए 10-10 मेगापिक्सल के कैमरे दिए हैं।

    किसके लिए कौन सा फोन बेहतर?

    • पहले से एपल के डिवाइस और उसके सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम से जुड़े यूजर्स के लिए आईफोन डुओ ज्यादा आकर्षक विकल्प साबित हो सकता है। एपल इंटेलिजेंस से जुड़े फीचर्स और आईओएस एक्सीरियंस भी यूजर्स को आईफोन डुओ खरीदने के लिए प्रेरित कर सकता है। इसके अलावा 2 टीबी तक स्टोरेज का विकल्प उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जिन्हें बहुत ज्यादा फोटो, वीडियो और दूसरे डेटा के लिए जगह चाहिए।
    • वहीं सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा उन लोगों के लिए ज्यादा बेहतर ऑप्शन साबित होता है जो कम कीमत में एक प्रीमियम फोल्डेबल फोन चाहते हैं। इसमें बड़ी अंदरूनी स्क्रीन, 5,000 एमएएच बैटरी, 45 वॉट चार्जिंग और ज्यादा विविड कैमरा सिस्टम जैसे फायदे हैं।
    • आईफोन डुओ के साथ एपल ने फोल्डेबल फोन की दुनिया में अपने कदम रख दिए हैं, लेकिन कीमत काफी प्रीमियम रखी गई है। दूसरी ओर, सैमसंग के पास इस सेगमेंट में लंबे समय का अनुभव है और गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा कम कीमत में बड़ा डिस्प्ले और ज्यादा प्रीमियम कैमरा सेटअप देता है।
    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें