उबलती चाय में डाला 4.5 लाख का फोन: यूट्यूबर ने आईफोन डुओ का किया एक्सट्रीम ड्यूरेबिलिटी टेस्ट, क्या हुआ अंजाम?
एपल का पहला फोल्डेबल फोन iPhone Duo अपनी लॉन्चिंग के बाद से ही चर्चा में है। फोन की डिलीवरी शुरू होते ही दुनिया भर में कई टेक रिव्यूअर्स इस फोन का एक्सट्रीम ड्यूरेबिलिटी टेस्ट कर रहे हैं। इसी बीच एक भारतीय यूट्यूबर ने इसकी मजबूती परखने के लिए इसे खौलती हुई चाय में उबाल दिया। 4.5 लाख रुपये के इस प्रीमियम फोन का 'चाय टेस्ट' में क्या हश्र हुआ? क्या यह सरवाइव कर पाया? आइए जानते हैं इस एक्सट्रीम टेस्टिंग में फोन का क्या हुआ।

विस्तार
iPhone Duo Extreme Test In Boiling Tea: जब कोई इंसान 4.5 लाख रुपये का फोन खरीदता है, तो वह उसे किसी नवजात बच्चे की तरह संभाल कर रखता है। लेकिन इंटरनेट पर कंटेंट क्रिएटर्स की दुनिया बिल्कुल अलग है। एपल (Apple) ने हाल ही में अपना पहला और सबसे महंगा फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo लॉन्च किया है। जैसे ही यह डिवाइस टेक लवर्स के हाथों में पहुंचा, इसके साथ अजीबोगरीब एक्सपेरिमेंट शुरू हो गए। इसी कड़ी में एक भारतीय यूट्यूबर ने इस प्रीमियम फोन के साथ कुछ ऐसा कर दिया, जिसे देखकर किसी भी आम इंसान की धड़कनें तेज हो जाएं।
इस यूट्यूबर ने फोन की मजबूती परखने के लिए इसे सीधे खौलती हुई चाय के बर्तन में डाल दिया। आइए जानते हैं कि इस खौफनाक 'चाय टेस्ट' के बाद इस महंगे आईफोन का क्या हाल हुआ।
खौलती चाय में उबला 4.5 लाख का आईफोन
- दरअसल, टेक्नोलॉजी की दुनिया में नए स्मार्टफोन्स की लिमिट चेक करने के लिए एक्सट्रीम टेस्टिंग का ट्रेंड काफी पुराना है। मशहूर यूट्यूब चैनल 'गुप्ता इंफॉर्मेशन सिस्टम' ने आईफोन डुओ के साथ भी यही किया। वीडियो में पहले तो फोन को नुकीली चीजों से बुरी तरह खरोंचा गया, उसे सैकड़ों बार फोल्ड-अनफोल्ड किया गया और फिर जो हुआ, वो सबसे ज्यादा हैरान करने वाला था।
- यूट्यूबर ने गैस पर उबलती हुई कड़क चाय में इस फोन को डुबो दिया। पूरे 60 सेकंड तक यह फोन उस खौलती चाय में उबलता रहा। इसे देखकर कोई भी यही सोचेगा कि इतने गर्म तापमान में कौन सा फोन टिक पाएगा? 60 सेकंड बाद फोन को चाय से बाहर निकाला गया और उस पर पानी डालकर उसे ठंडा किया गया।
क्या चाय में खौलने के बाद हो गया खराब?
जब फोन को बाहर निकाला गया, तो उसके कैमरा लेंस और पूरी बॉडी पर भाप और नमी साफ देखी जा सकती थी। सभी सांसें थामे बैठे थे कि क्या फोन ऑन होगा? थोड़ी देर ठंडा होने के बाद जब पावर बटन दबाया गया, तो देखने वाले हैरान रह गए। फोन ऑन हो गया और बाहरी स्क्रीन ही नहीं, बल्कि फोन को अनफोल्ड करने पर अंदर की बड़ी डिस्प्ले पर भी एपल का लोगो चमकता हुआ दिखाई दिया। यानी, एपल का यह पहला फोल्डेबल फोन उबलते हुए तरल पदार्थ की मार झेलने में भी कामयाब रहा।
यहा देखें वीडियो
कहां फिसल गया iPhone Duo?
- भले ही फोन ने चाय का कड़ा इम्तिहान पास कर लिया हो, लेकिन कुछ और टेस्ट्स में इसकी पोल भी खुल गई। फोल्डेबल फोन्स की अंदरूनी स्क्रीन प्लास्टिक की बनी होती है। जब यूट्यूबर ने इनर डिस्प्ले पर रेत और मिट्टी डालकर उसे रगड़ा, तो स्क्रीन पर गहरे स्क्रैच आ गए जो हमेशा के लिए छप गए।
- फोन का असली दम तब निकला जब यूट्यूबर ने इसे दोनों हाथों से पकड़कर उल्टी दिशा में पूरी ताकत से मोड़ने की कोशिश की। जोर लगाने पर पहले तो फोन का आकार टेढ़ा हो गया और कुछ ही सेकंड बाद उसकी अंदरूनी डिस्प्ले पूरी तरह से खराब हो गई।
क्या आपको ऐसा करना चाहिए?
बिल्कुल नहीं। ऐसी एक्सट्रीम टेस्टिंग सिर्फ यह देखने के लिए की जाती है कि इंजीनियरिंग के मामले में फोन किस हद तक मुश्किल हालात झेल सकता है। दर्शक इन वीडियोज को खूब पसंद करते हैं, जिससे क्रिएटर्स को ऐसा रिस्की कंटेंट बनाने का आइडिया मिलता है। यूट्यूबर ने भी सख्त हिदायत दी है कि कोई भी आम यूजर अपने महंगे फोन के साथ घर पर भूलकर भी ऐसा स्टंट न करे।
बहरहाल, इस वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि भले ही फोल्डेबल स्क्रीन थोड़ी नाजुक हो, लेकिन बिल्ड क्वालिटी और वाटर रेजिस्टेंस के मामले में एपल ने अपने पहले फोल्डेबल फोन में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
- नए अवतार में दिखेगा 5जी इंटरनेट: क्या है 'रेडकैप' तकनीक, जिससे बदल जाएगी स्मार्टवॉच और कैमरों की दुनिया?
- आईफोन डुओ: फोल्ड करते ही स्क्रीन में आई दरारें, अंदर से आ रही चटकने की आवाज, 4.5 लाख के फोन में क्या है खराबी?
- आईफोन डुओ 2 लाने की तैयारी में एपल: फेस आईडी, एक्शन बटन और टेलीफोटो कैमरा जैसे फीचर्स मिलेंगे, जानें डिटेल्स
- वीवो एस70: 1.5K विजनॉक्स ओएलईडी डिस्प्ले और 64MP कैमरे के साथ आ सकता है फोन, अलग से लगा पाएंगे टेलीफोटो लेंस