क्या आईफोन 20 प्रो में फिर दिखेगा टाइटेनियम?: 2027 के एनिवर्सरी मॉडल में कर्व्ड डिजाइन की उम्मीद, जानें लीक्स
सार
- आईफोन 20 प्रो में हो सकती है टाइटेनियम की वापसी।
- 2027 में आ सकता है एनिवर्सरी मॉडल।
- चारों तरफ घुमावदार ग्लास डिजाइन मिलने का अनुमान।
- अभी कंपनी ने नहीं दी आधिकारिक जानकारी।
विज्ञापन

विस्तार
एपल के 20वीं एनिवर्सरी वाले आईफोन को लेकर अभी से चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक नई लीक में दावा किया जा रहा है कि कंपनी 2027 में आने वाले कथित आईफोन 20 प्रो के लिए टाइटेनियम चेसिस की टेस्टिंग कर रही है। अगर यह डिजाइन फाइनल होता है, तो प्रो मॉडल में एक बार टाइटेनियम की वापसी हो सकती है। इस बार फोन में आगे और पीछे की तरफ घुमावदार ग्लास के साथ पतली मेटल फ्रेम देखने को मिल सकती है। यहां खास बात है कि आईफोन 17 प्रो में टाइटेनियम की जगह एल्युमिनियम इस्तेमाल किया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि एपल फिर से टाइटेनियम की ओर क्यों लौटना चाहती है? आइए विस्तार से जानते हैं...
टाइटेनियम चेसिस को लेकर क्या हैं अफवाहें?
- फिक्स्ड फोकस डिजिटल से जुड़े एक लीक के अनुसार, एपल शुरुआती इंजीनियरिंग स्टेज में आईफोन 20 प्रो के एक प्रोटोटाइप पर काम कर रही है। इसमें टाइटेनियम चेसिस और पहले के मुकाबले ज्यादा गोल बाहरी डिजाइन होने की बात कही गई है।
- लीक में इस डिजाइन की तुलना आईफोन एयर से की गई, लेकिन कथित एनिवर्सरी मॉडल के किनारों पर उससे ज्यादा घुमाव देखने को मिल सकता है।
- हालांकि, यह जानकारी अभी शुरुआती प्रोटोटाइप से जुड़ी है। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि एपल ने टाइटेनियम को अंतिम रूप दे दिया है। बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू होने से पहले कंपनी फोन की सामग्री और डिजाइन में बदलाव कर सकती है।
आईफोन 17 प्रो में क्यों चुना गया था एल्युमिनियम?
- एपल ने आईफोन 15 प्रो और आईफोन 16 प्रो में टाइटेनियम चेसिस का इस्तेमाल किया था, लेकिन आईफोन 17 प्रो के साथ कंपनी ने इसमें बदलाव किया और टाइटेनियम की जगह एल्युमिनियम यूनिबॉडी डिजाइन अपनाया।
- इसके पीछे केवल डिजाइन में बदलाव करना ही वजह नहीं थी। आईफोन 17 प्रो में वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया। एल्युमिनियम गर्मी को टाइटेनियम के मुकाबले बेहतर तरीके से स्थानांतरित करता है। ऐसे में यह फोन के अंदर पैदा होने वाली गर्मी को बाहर फैलाने में मदद कर सकता है।
- एल्युमिनियम यूनिबॉडी का बड़ा हिस्सा वेपर चैंबर से आने वाली गर्मी को सोखकर ज्यादा सतह पर फैला सकता है। इस तरह फोन का बाहरी ढांचा भी कूलिंग सिस्टम का हिस्सा बन जाता है। यानी iPhone 17 Pro में एल्युमिनियम का चुनाव केवल लुक के लिए नहीं, बल्कि बेहतर थर्मल मैनेजमेंट के लिहाज से भी उपयोगी था।
क्या 2027 में लॉन्च होने वाली आईफोन में भी होगा बदलाव?
- लीक्स के अनुसार, एपल के कथित एनिवर्सरी आईफोन में आगे और पीछे की तरफ घुमावदार ग्लास दिया जा सकता है। ये दोनों ग्लास एक पतली मेटल पट्टी के आसपास जुड़े हो सकते हैं। यहीं टाइटेनियम की भूमिका खास हो सकती है। इस डिजाइन में पूरी बॉडी को धातु से बनाने के बजाय टाइटेनियम का इस्तेमाल एक पतले स्ट्रक्चरल फ्रेम के रूप में किया जा सकता है। इससे ग्लास को मजबूती देने के साथ फोन का बाहरी डिजाइन भी अलग बनाया जा सकता है।
- इससे पहले पूरी तरह ग्लास-प्रधान डिजाइन की चर्चा भी सामने आई थी, लेकिन उसमें मैन्युफैक्चरिंग और टिकाऊपन से जुड़ी चुनौतियां बताई गई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछली रिपोर्ट में इन मॉडल्स के लिए V73 और V74 जैसे इंटरनल कोडनेम का भी जिक्र किया गया था।
- ध्यान देने वाली बात है कि टाइटेनियम के इस्तेमाल को लेकर यह एक संभावित इंजीनियरिंग व्याख्या है। एपल ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
चारों तरफ घुमावदार ग्लास और पतले बॉर्डर की चर्चा
- एनिवर्सरी आईफोन के डिजाइन को लेकर सामने आई लीक रिपोर्टों में चारों तरफ से घुमावदार ग्लास का जिक्र है। वहीं, कुछ प्रोटोटाइप में आगे और पीछे के ग्लास को चारों किनारों से कर्व्ड बताया गया है, जबकि दो अन्य मॉडल में ग्लास का हिस्सा ज्यादा सपाट हो सकता है।
- एक दूसरे प्रोटोटाइप में करीब 1mm के बॉर्डर होने की बात भी सामने आई है। घुमावदार किनारों की वजह से सामने से देखने पर ये बॉर्डर कम दिखाई दे सकते हैं।
- इसके अलावा, लीक हुए कवर-ग्लास के एक सैंपल में गोल कोने और चारों तरफ घुमावदार किनारे दिखाई देने का दावा किया गया है। इसमें फ्रंट कैमरा और फेस आईडी हार्डवेयर के लिए छोटी जगहें भी मौजूद हैं।
- हालांकि, यह सैंपल सिर्फ ऐपल के डिजाइन प्रयोगों की ओर इशारा करता है। इससे फोन के अंतिम डिजाइन की पुष्टि नहीं होती।
क्या आईफोन 20 प्रो में टाइटेनियम की होगी वापसी?
- अगर यह प्रोटोटाइप डिजाइन प्रोडक्शन तक पहुंचता है, तो एपल के प्रो आईफोन में टाइटेनियम की वापसी हो सकती है, लेकिन इस बार इसका इस्तेमाल पहले जैसा नहीं होगा।
- आईफोन 15 प्रो और आईफोन 16 प्रो में टाइटेनियम बाहरी चेसिस का हिस्सा था। आईफोन 17 प्रो में एल्युमिनियम यूनिबॉडी ने इसकी जगह ली। वहीं, कथित 2027 मॉडल में टाइटेनियम का इस्तेमाल घुमावदार ग्लास के बीच एक पतली और मजबूत मेटल पट्टी के रूप में हो सकता है।
- इसका मतलब यह नहीं है कि एपल एल्युमिनियम को पूरी तरह छोड़ने जा रही है। अलग-अलग डिजाइन और जरूरतों के हिसाब से कंपनी दोनों धातुओं का इस्तेमाल कर सकती है।
आईफोन 20 प्रो को लेकर क्या अभी कन्फर्म नहीं?
- फिलहाल एपल ने आईफोन 20 प्रो, टाइटेनियम चेसिस या क्वाड-कर्व्ड ग्लास डिजाइन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सामने आई जानकारियां शुरुआती प्रोटोटाइप, इंजीनियरिंग टेस्ट और सैंपल कंपोनेंट्स पर आधारित हैं।
- मास प्रोडक्शन से पहले कंपनी को टिकाऊपन, मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया, थर्मल मैनेजमेंट और उत्पादन की क्वालिटी जैसे पहलुओं की जांच करनी होगी। इन परीक्षणों के आधार पर फोन के डिजाइन और इस्तेमाल होने वाली सामग्री में बदलाव संभव है।
- कुल मिलाकर, 2027 का कथित एनिवर्सरी आईफोन एपल के लिए डिजाइन के लिहाज से बड़ा बदलाव ला सकता है। अगर लीक सही साबित होता है, तो टाइटेनियम की वापसी होगी, लेकिन इस बार उसका इस्तेमाल फोन को प्रीमियम दिखाने के बजाय घुमावदार ग्लास डिजाइन को मजबूती देने में हो सकता है।