Instagram:आ गया वो फीचर जिसका था इंतेजार, इंस्टाग्राम पर अब गलती से छूटी रील्स देख पाएंगे यूजर्स

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Mon, 27 Oct 2025 12:35 PM IST
सार

इंस्टाग्राम ने नया वॉच हिस्ट्री फीचर लॉन्च कर दिया है, अब यूजर्स पहले देखे गए रील्स छूट जाने पर दोबारा देख सकेंगे। जानिए कैसे करेगा काम यह फीचर, टिकटॉक से कैसे है बेहतर और यूजर्स को क्या मिलेगा नया अनुभव।

Instagram latest feature lets you go back to see your watched Reels
Instagram - फोटो : FREEPIK

    विस्तार

    ऐसा अक्सर होता है कि कोई अच्छी रील देखने के बाद हम उसे दोबारा ढूंढ नहीं पाते हैं। इसका कारण यह है हम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बहुत तेजी से कंटेंट स्क्रॉल करते हैं और हमारी फीड लगातार बदलती रहती है। ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने वो फीचर लॉन्च कर दिया है, जिसका हर यूजर को काफी समय से इंतजार था। अब यूजर्स आसानी से उन रील्स को दोबारा देख सकेंगे, जिन्हें उन्होंने पहले देखा था लेकिन सेव नहीं किया। इस नए फीचर का नाम है, “वॉच हिस्ट्री”, जिसे आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया गया है।

    अब नहीं खोएंगे आपके पसंदीदा रील्स

    इंस्टाग्राम के हेड एडम मोसेरी ने कहा कि यह फीचर खास तौर पर उन यूजर्स के लिए है जो किसी रील को बाद में दोबारा ढूंढ नहीं पाते। उन्होंने बताया, “अगर आपने कोई रील देखी और वह बाद में नहीं मिल रही, तो अब आप ‘वॉच हिस्ट्री’ फीचर की मदद से उसे आसानी से ढूंढ सकते हैं। बस अपने ‘प्रोफाइल’ में जाकर ‘सेटिंग्स’ खोलें, फिर ‘योर एक्टिविटी’ के अंदर ‘वॉच हिस्ट्री’ पर जाएं, और वहां आपको आपके द्वारा देखे गए सभी रील्स मिल जाएंगे।”

    ऐसे करें वॉच हिस्ट्री फीचर का इस्तेमाल

    इंस्टाग्राम एप खोलें और अपने प्रोफाइल पर जाएं। वहां सेटिंग्स में जाकर योर एक्टिविटी सेलेक्ट करें, अब वॉच हिस्ट्री पर क्लिक करें। अब आप अपनी देखी गई सभी रील्स की सूची देख सकेंगे। यूजर्स चाहें तो रील्स को तारीख, हफ्ते या महीने के हिसाब से फिल्टर कर सकते हैं। अगर कोई वीडियो आप अपनी हिस्ट्री से हटाना चाहते हैं, तो उसे डिलीट भी किया जा सकता है।

    टिकटॉक के मुकाबले ज्यादा फीचर रिच

    हालांकि टिकटॉक पर यह फीचर पहले से मौजूद है, लेकिन इंस्टाग्राम ने इसे और फीचर-रिच और फ्लेक्लिबल बनाया है। यूजर्स न सिर्फ तारीख के हिसाब से बल्कि क्रोनोलॉजिकल या रिवर्स क्रोनोलॉजिकल ऑर्डर में भी रील्स को शॉर्ट कर सकते हैं। इसके अलावा, रील्स को क्रिएटर के नाम से भी सर्च किया जा सकता है।

    क्यों लाया गया यह फीचर?

    कई यूजर्स लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। पहले जब कोई रील्स गलती से छूट जाती थी, तो यूजर्स को एप से डेटा डाउनलोड कर उसमें से ढूंढना पड़ता था। यह एक लंबी और मुश्किल प्रक्रिया थी। नए वॉच हिस्ट्री फीचर से अब यह प्रक्रिया आसान हो गई है और यूजर्स को अपने पुराने पसंदीदा कंटेंट तक पहुंचना पहले से कहीं सरल हो गया है।

    रील्स के नए अपडेट भी हुए शामिल

    इंस्टाग्राम ने हाल के महीनों में रील्स को और बेहतर बनाने के लिए कई अपडेट जारी किए हैं। जैसे रील स्टोरीज फीचर के जरिए अब क्रिएटर्स कई रील्स को जोड़कर एक सीरीज बना सकते हैं। पिक्चर-इन-पिक्चर मोड के जरिए यूजर्स वीडियो देखते हुए दूसरे एप्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इन अपडेट्स से साफ है कि मेटा अब इंस्टाग्राम को टिकटॉक का मजबूत विकल्प बनाना चाहता है।