भारत में रिकॉर्डतोड़ हो रही है स्मार्टफोन की बिक्री, Xiaomi बनी नंबर 1

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Wed, 13 Feb 2019 12:13 PM IST
Indian smartphone market expands 14.5 percent in 2018 says IDC, Xiaomi Number 1
Xiaomi Mi A2

    भारत में स्मार्टफोन के बढ़ते बाजार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरी दुनिया में जहां स्मार्टफोन बिक्री में 4 फीसदी की कमी देखने को मिली है, वहीं भारत में स्मार्टफोन की बिक्री साल 2018 में 14.5 प्रतिशत बढ़ी है। इसका खुलासा रिसर्च फर्म आईडीसी की नई रिपोर्ट में हुआ है। आईडीसी की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2017 भारत में स्मार्टफोन की कुल बिक्री 12.43 करोड़ थी जो साल 2018 में बढ़कर 14.23 करोड़ हो गई है।

    इस रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी भारत में नंबर-1 स्मार्टफोन ब्रांड है। भारतीय मोबाइल बाजार में इसका शेयर 28.9 प्रतिशत रहा, जबकि 22.4 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ सैमसंग दूसरे और 10% शेयर के साथ वीवो तीसरे पायदान पर है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दिसंबर तिमाही में स्मार्टफोन की बिक्री में 19.5% का इजाफा देखा गया। इस दौरान भारत में कुल 3.63 करोड़ स्मार्टफोन बेचे गए।

    बिक्री बढ़ाने में सस्ते इंटरनेट का रहा योगदान

    जियो की लॉन्चिंग के बाद से ही भारत में इंटरनेट की कीमत धड़ाम हो गई है। 2 रुपये से भी कम में कई कंपनियां 1 जीबी तक डाटा दे रही हैं और फोन की बिक्री बढ़ने का भी यह सबसे बड़ा कारण है। इसके अलावा भारत में अधिकतर लोग स्मार्टफोन की तरफ रुख कर रहे हैं। साल 2018 की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 28 फीसदी लोगों के पास अपना स्मार्टफोन है। साथ ही ऑनलाइन स्टोर पर कैशबैक जैसे कई सारे ऑफर्स मिल रहे हैं जिनके कारण लोग ना चाहते हुए भी स्मार्टफोन खरीद रहे हैं।