Facebook से भारत सरकार ने मांगा यूजर्स का डाटा, 2019 में भेजी थी 40 हजार से ज्यादा रिक्वेस्ट
2019 में दुनियाभर की सरकारों द्वारा फेसबुक से यूजर्स का डाटा मांगने में हुई 9.5 फीसदी की बढ़ोतरीभारत सरकार ने 2019 में यूजर्स के डाटा लिए फेसबुक को भेजी 49,000 रिक्वेस्टरिक्वेस्ट भेजने के मामले में भारत को मिला दूसरा स्थान

विस्तार
दुनियाभर की सरकारों द्वारा फेसबुक (Facebook) से यूजर्स का डाटा मांगने में बीते साल यानी 2019 में 9.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस मामले में भारत दूसरे स्थान पर है जबकि अमेरिका पहले स्थान पर है। यह जानकारी फेसबुक की तरफ से जारी ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट से मिली है।
फेसबुक की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में भारत सरकार ने यूजर्स के डाटा को लेकर फेसबुक को 49 हजार लीगल और इमरजेंसी रिक्वेस्ट भेजी थी। इससे पहले 2018 में इस रिक्वेस्ट का आकंड़ा 37,000 था। वहीं, दूसरी तरफ कंपनी के वीपी और डिप्टी जनरल काउंसिल क्रिस सोनडरबी ने कहा है कि 2019 की दूसरी छमाही में दुनियाभर की सरकारों द्वारा फेसबुक से डाटा मांगने में 9.5 फीसदी का इजाफा हुआ है। साथ ही यह रिक्वेस्ट 1,28,617 से बढ़कर 1,40,875 तक पहुंच गई है। इसमें सबसे ज्यादा रिक्वेस्ट अमेरिका, भारत, यूके, जर्मनी और फ्रांस ने की है।
वर्ष 2019 की शुरुआती छह महीनों में भारत सरकार ने फेसबुक को यूजर्स के डाटा के लिए 22,684 रिक्वेस्ट भेजी थी। इसके बाद दूसरी छमाही में 26,698 रिक्वेस्ट भेजी गई थी। हालांकि, फेसबुक ने सरकार को केवल 15,206 अकाउंट की जानकारी दी थी।