भारतीय AI कंपनी फाइंड की ब्रिटेन में एंट्री: रिटेल दिग्गज एन ब्राउन के साथ की साझेदारी, जानिए क्या है प्लान?
- मुंबई की एआई कंपनी Fynd ने ब्रिटेन के रिटेलर N Brown से ऑटोमेशन डील की।
- N Brown ऑर्डर व स्टॉक मैनेज करने के लिए Fynd Boltic का इस्तेमाल करेगा।
- भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के चार महीने बाद यह साझेदारी हुई है।
- रिलायंस समर्थित फाइंड अब खाड़ी देशों, अफ्रीका और एशिया में विस्तार करेगी।

विस्तार
भारतीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक अब वैश्विक रिटेल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना रही है। मुंबई मुख्यालय वाली एआई रिटेल टेक्नोलॉजी कंपनी फाइंड ने बुधवार को ब्रिटेन के जाने-माने फैशन और रिटेल प्लेटफॉर्म एन ब्राउन के साथ एक अहम समझौते की घोषणा की है। यह साझेदारी मुख्य रूप से सिस्टम इंटीग्रेशन और वर्कफ्लो ऑटोमेशन पर केंद्रित है। रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड के समर्थन वाली फाइंड के लिए ब्रिटेन के बाजार में उतरने के बाद यह पहला बड़ा रिटेल कस्टमर और इंटरनेशनल एक्सपेंशन की दिशा में बड़ा कदम है।
भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते से मिली रफ्तार
यह समझौता जुलाई में भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) लागू होने के चार महीने बाद सामने आया है। मैनचेस्टर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस साझेदारी का स्वागत किया है। मैनचेस्टर में भारत की महावाणिज्य दूत विशाखा यदुवंशी ने कहा कि यह साझेदारी एआई के क्षेत्र में भारतीय नवाचार और उत्तरी इंग्लैंड के सबसे स्थापित रिटेलर्स में से एक को साथ लाती है, जिससे पूरे ब्रिटेन के ग्राहकों को लाभ होगा और दोनों देशों के बीच ऐसे और सहयोग देखने को मिलेंगे।
कैसे काम करेगा फाइंड बोल्टिक प्लेटफॉर्म?
- मैनचेस्टर स्थित एन ब्राउन के पास जेडी विलियम्स, सिंपली बी और जैकामो जैसे लोकप्रिय ब्रांड हैं, जो अब फाइंड बोल्टिक का इस्तेमाल करेंगे।
- यह एक वर्कफ्लो ऑटोमेशन और इंटीग्रेशन प्लेटफॉर्म है, जो कंपनियों की अलग-अलग तकनीकी प्रणालियों को आपस में जोड़ता है और डेटा के आदान-प्रदान को स्वचालित बनाता है।
- फाइंड बोल्टिक को सबसे पहले एम्ब्रोज विल्सन में लागू किया जाएगा, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से एन ब्राउन के अन्य ब्रांड्स में इसका विस्तार होगा।
- लंदन में होस्ट और ब्रिटेन में ही डेटा स्टोर करने वाले इस प्लेटफॉर्म की मदद से ऑर्डर, ग्राहक, डिस्पैच, रिटर्न, प्रोडक्ट्स और स्टॉक से जुड़े काम तेजी व भरोसे के साथ पूरे हो सकेंगे।
कंपनी के संस्थापक ने बताया असली मकसद
फाइंड के संस्थापक श्रीरमन मोहन गिरिजा ने इस साझेदारी को लेकर कहा कि जब कंपनी ने ब्रिटेन के बाजार में कदम रखा था, तो उसका मकसद सिर्फ एक और नया प्रोडक्ट बेचना नहीं था, बल्कि रिटेलर्स की वास्तविक तकनीकी समस्याओं को हल करना था। उनके मुताबिक रिटेल कंपनियों ने वर्षों में कई तकनीकें जुटा ली हैं, लेकिन उन सभी सिस्टम्स और उनके बीच बहने वाले डेटा को तालमेल के साथ चलाना सबसे बड़ी चुनौती है, जिसे सुलझाने के लिए ही बोल्टिक तैयार किया गया है।
एन ब्राउन की तकनीक में होगा बड़ा बदलाव
एन ब्राउन के टेक्नोलॉजी डायरेक्टर क्रिस विलियमसन ने इस निवेश को कंपनी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी ढांचे को आधुनिक बनाने का अर्थ है कई बदलावों को तेजी और सुरक्षा के साथ जोड़ना, वह भी बिना ग्राहकों के अनुभव को बाधित किए। विलियमसन ने फाइंड के इंजीनियरों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने डिलीवरी के हर चरण में एआई का वास्तविक उपयोग किया है, जिससे गुणवत्ता से समझौता किए बिना असाधारण गति मिली है।
उत्तरी इंग्लैंड से वैश्विक विस्तार की योजना
उत्तरी इंग्लैंड में फाइंड के विस्तार पर केंद्रित यह पहला निवेश है, जहां कंपनी ने दीर्घकालिक विकास की योजना तैयार की है। ब्रिटेन में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के साथ-साथ रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड समर्थित फाइंड अपनी एआई-आधारित रिटेल तकनीक को खाड़ी देशों , अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजारों में भी आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। यह सौदा दिखाता है कि भारतीय टेक कंपनियां अब वैश्विक स्तर पर बड़े बदलाव की अगुवाई कर रही हैं।