दुनियाभर में बढ़ा स्पैम कॉल्स का खतरा: इंडोनेशिया पहले तो भारत 5वें नंबर पर; ट्रू-कॉलर रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Truecaller Report:
क्या आपके फोन पर भी हर रोज अनजान नंबरों से कॉल आती हैं? क्या आप भी स्पैम कॉल से परेशान रहते हैं, तो यह रिपोर्ट आपको चौंका सकती हैं। नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि भारत अब दुनिया का पांचवां सबसे ज्यादा स्पैम कॉल प्रभावित देश बन गया है। सबसे ज्यादा कॉल्स सेल्स, लोन और फर्जी ऑफर्स से जुड़ी हैं, जबकि ऑनलाइन फ्रॉड और स्कैम का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। जानिए रिपोर्ट के बारे में विस्तार से...

विस्तार
Spam Calls India:
ट्रू-कॉलर की नई रिपोर्ट के अनुसार भारत दुनिया का पांचवां सबसे ज्यादा स्पैम प्रभावित देश बन गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में स्पैम इंटेंसिटी 66 प्रतिशत दर्ज की गई है। यानी बड़ी संख्या में यूजर्स को अनचाही कॉल्स का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस लिस्ट में सबसे पहला स्थान इंडोनेशिया का है। जिसके बाद चिली, वियतनाम, ब्राजील और फिर भारत का स्थान आता है।
India Spam Ranking: भारत में किस तरह की स्पैम कॉल्स सबसे ज्यादा हो रही है?
रिपोर्ट के अनुसार भारत में आने वाली स्पैम कॉल्स में सबसे ज्यादा हिस्सा टेलीमार्केटिंग और सेल्स कॉल्स का है। देश में सेल्स और टेलीमार्केटिंग का प्रतिशत 36, फाइनेंशियल सर्विस कॉल 18% और स्कैम और फ्रॉड कॉल्स का प्रतिशत 12 बचा है। इसका मतलब है कि लोग सबसे ज्यादा लोन, क्रेडिट कार्ड, इंश्योरेंस और ऑफर्स से जुड़ी कॉल्स से परेशान हैं।
दुनियाभर में बढ़ रहा फ्रॉड नेटवर्क
रिपोर्ट में बताया गया कि 2025 में ट्रू-कॉलर ने दुनियाभर में 68 अरब से ज्यादा स्पैम और फ्रॉड कॉल्स की पहचान की गई है। कई देशों में बैकिंग फ्रॉड, फेक लोन ऑफर्स और पहचान चोरी जैसे मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में ट्रू-कॉलर के सीईओ रिशित झुनझुनवाला ने कहा कि अब स्पैम और फ्रॉड कॉल्स लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई देशों में अब ज्यादातर अनजान कॉल्स स्पैम होती हैं, जो कम्युनिकेशन सिस्टम के लिए बड़ा खतरा बन चुकी हैं।
Spam Call का खतरा क्यों बढ़ रहा है ?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक डेटा लीक, ऑनलाइन फॉर्म्स और फर्जी एप्स की वजह से लोगों के नंबर आसानी से मार्केटिंग कंपनियों और स्कैमर्स तक पहुंच रहे हैं। एआई आधारित फ्रॉड कॉल्स और वॉइस क्लोनिंग टेक्नोलॉजी ने भी अब खतरा बढ़ा दिया है। वहीं, ट्रू-कॉलर ने मार्च 2026 तक दुनिया भर में 500 मिलियन (50 करोड़) मंथली एक्टिव यूजर्स का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसमें भारत के बाहर 15 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। कंपनी का लक्ष्य 2026 में फ्रॉड कॉल्स को यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही रोकना है।
आप कैसे बचें?
अगर आप भी स्पैम कॉल से परेशान हैं और इससे छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इन बातों काे ध्यान रखें...अनजान नंबरों से आई कॉल्स पर निजी जानकारी शेयर न करें।बैंक डिटेल्स और ओटीपी कभी न बताएं।स्पैम डिटेक्शन एप का इस्तेमाल करें।फर्जी लिंक और ऑफर्स से बचने का प्रयास करें।DND यानी डू नॉट डिस्टर्ब सर्विस एक्टिव रखें।