ज्योतिरादित्य सिंधिया: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 में 5G-6G से लेकर किसानों और छोटे उद्योगों तक पर होगा फोकस

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 01 Sep 2025 07:36 PM IST
सार

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि आगामी इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 का मकसद न सिर्फ 5G और 6G टेक्नोलॉजी पर चर्चा करना है, बल्कि किसानों, MSMEs और बच्चों जैसी कम्युनिटी को डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ना भी है।

india mobile congress 2025 focus 5g 6g connecting communities scindia
अक्टूबर में होगा इंडिया मोबाइल कॉन्ग्रेस का आयोजन - फोटो : India Mobile Congress

    विस्तार

    भारत में होने वाला इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 इस बार सिर्फ तकनीकी मंच नहीं रहेगा, बल्कि यह समाज के अलग-अलग तबकों को जोड़ने का सेतु बनेगा। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को बताया कि अक्तूबर में आयोजित होने वाले मोबाइल कॉन्ग्रेस में 5G और 6G टेक्नोलॉजी पर खास फोकस करेगा और साथ ही किसानों, MSMEs और स्कूली बच्चों तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाने के नए रास्तों पर भी चर्चा करेगा।

    सिंधिया ने इस मौके पर AI-पावर्ड इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 एप लॉन्च किया, जिसमें नागरिक इस आयोजन से संबंधित सभी जानकारी देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार सम्मेलन में 115 देशों से लगभग 1.5 लाख प्रतिभागी शामिल होंगे। बता दें कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 का आयोजन 8 से 11 अक्तूबर के बीच दिल्ली स्थित यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कॉन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर) में किया जा रहा है।

    30 मंत्रालयों की होगी भागीदारी

    उन्होंने बताया, “इंडिया मोबाइल कांग्रेस सिर्फ 5G, 6G, AI और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी तकनीकों पर बातचीत का मंच नहीं है, बल्कि यह समाज के हर हिस्से को जोड़ने का अवसर है। चाहे किसान हों, MSMEs हों या स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे, हर किसी के लिए नई उम्मीदें और नए अवसर यहीं से निकलेंगे।”

    सिंधिया ने बताया कि इस साल केंद्र सरकार के 30 मंत्रालय आगामी मोबाइल कॉन्ग्रेस में भाग लेंगे। इससे यह आयोजन केवल टेक्नोलॉजी तक सीमित न रहकर, विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का मार्ग प्रशस्त करेगा।

    आत्मनिर्भर भारत से जुड़ा विजन

    दूरसंचार मंत्री ने कहा, “आज एप लॉन्च के जरिए हम दर्शकों और प्रतिभागियों के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस साल का हमारा विजन ‘इनोवेट और ट्रांसफॉर्म’ है, जो प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए आत्मनिर्भर भारत और 2047 तक भारत को विजय की ओर ले जाने के लक्ष्य से सीधे जुड़ा है।”