Smartphone: अमेरिका को भारत का स्मार्टफोन निर्यात 58% घटा, टैरिफ न होने के बावजूद कम हो रहा एक्सपोर्ट
भारत के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हमारे सबसे बड़े बाज़ार, अमेरिका में स्मार्टफोन का निर्यात मई से अगस्त के बीच 58% कम हो गया है। आखिर क्यों हो रही है यह गिरावट, जबकि स्मार्टफोन्स पर कोई नया टैरिफ भी नहीं लगा है?

विस्तार
भारत में बने सामानों पर अमेरिका में बढ़ाए गए टैरिफ का असर अब दिखने लगा है। एक नई रिपोर्ट ने भारतीय टेक इंडस्ट्री चिंता बढ़ा दी है। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के एक थिंक टैंक ने बताया है कि भारत से अमेरिका को होने वाले स्मार्टफोन के निर्यात में भारी गिरावट आई है। यह गिरावट मई 2025 से अगस्त 2025 के बीच 58% तक दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत का स्मार्टफोन निर्यात जो मई में 2.29 बिलियन डॉलर था, वह अगस्त में गिरकर सिर्फ 964.8 मिलियन डॉलर रह गया। यह गिरावट महीने-दर-महीने लगातार जारी रही। जून में निर्यात 2 बिलियन डॉलर था, जो जुलाई में 1.52 बिलियन डॉलर हो गया और अगस्त में और भी कम हो गया।
GTRI ने इसे एक चिंताजनक स्थिति बताया है। उनका कहना है कि इस गिरावट की तुरंत जाँच होनी चाहिए क्योंकि स्मार्टफोन्स पर कोई नया टैरिफ नहीं लगाया गया है।

टैरिफ का असर और सप्लाई चेन की चुनौतियां
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगस्त 2025 में कुछ खास उत्पादों पर टैरिफ लगाया गया था। ये टैरिफ पहले 10% थे, जो 27 अगस्त तक 25% हो गए और 28 अगस्त के बाद 50% तक पहुंच गए। हालांकि, ये टैरिफ टेक्सटाइल, रत्न, आभूषण, समुद्री भोजन, रसायन और सौर पैनलों जैसे उत्पादों पर लगे हैं, स्मार्टफोन्स पर नहीं। फिर भी, टैरिफ-मुक्त उत्पादों, जो अगस्त के निर्यात का 28.5% हिस्सा थे, में भी 41.9% की बड़ी गिरावट आई है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि सितंबर 2025 वह पहला महीना होगा जब इन नए टैरिफ का पूरा असर दिखेगा, जिससे निर्यात में और भी गिरावट आ सकती है। इससे यह पता चलता है कि यह गिरावट सिर्फ टैरिफ की वजह से नहीं है, बल्कि इसके पीछे कुछ और गहरी चुनौतियाँ हो सकती हैं, जिनकी पड़ताल करना बेहद जरूरी है।