AI Impact Summit 2026: एआई समिट में रोबोट ने लगाए ठुमके, डांस देख लोग रह गए हैरान, देखें वीडियो
Dancing Robot In AI Impact Summit:
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में एक डांसिंग रोबोट ने सबका ध्यान खींचा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस इस रोबोट ने न सिर्फ मेहमानों का मनोरंजन किया, बल्कि भारत की तकनीकी क्षमता की झलक भी दिखाई।

विस्तार
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ' एआई इम्पैक्ट समिट 2026' के दूसरे दिन कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। प्रदर्शनी क्षेत्र में लगाए गए एक एआई ह्यूमनॉइड रोबोट ने दर्शकों को अपने अनोखे डांस से इम्प्रेस किया। यह रोबोट संगीत की धुन पर बिल्कुल इंसानों जैसा नाचता दिखा। जैसे ही रोबोट ने कदम थिरकाने शुरू किए, लोगों की भीड़ उसके आसपास जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, यह ह्यूमनॉइड रोबोट सेंसर्स, मशीन लर्निंग एल्गोरिदम और रियल-टाइम बैलेंसिंग सिस्टम से लैस है। यह केवल तयशुदा स्टेप्स ही नहीं, बल्कि आसपास की गतिविधियों के अनुसार अपनी मूवमेंट को एडजस्ट भी कर रहा था। इससे साफ है कि रोबोट्स केवल उद्योग तक सीमित नहीं है बल्कि मनोरंजन, शिक्षा और सेवा क्षेत्रों में भी नई संभावनाएं खोल रहे हैं।
दर्शकों ने रिकॉर्ड किए वीडियो
समिट में पहुंचे देश-विदेश के प्रतिनिधि, छात्र और दर्शक इस रोबोट के साथ सेल्फी लेते और वीडियो बनाते नजर आए। कई लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे यह प्रदर्शनी का सबसे चर्चित आकर्षण बन गया। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के लाइव डेमो का उद्देश्य एआई को आम लोगों के लिए समझने योग्य और रोचक बनाना है।
भारत की बढ़ती एआई क्षमताएं
एआई इम्पैक्ट समिटमें इस तरह के नवाचार यह संकेत देते हैं कि भारत एआई तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्टार्टअप, शोध संस्थान और टेक कंपनियां मिलकर ऐसे समाधान विकसित कर रही हैं, जो भविष्य की स्मार्ट दुनिया की नींव रख सकते हैं। यह डांसिंग रोबोट भले ही मनोरंजन का माध्यम हो, लेकिन इसके पीछे छिपी तकनीक यह बताती है कि आने वाले समय में एआई आधारित रोबोट हमारे रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन सकते हैं।
एआई स्मार्टग्लास और रोबोडॉग पर भी रहा फोकस
समिट में एआई और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों के जुड़ी कई कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट्स पेश किए। इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का Physical AI रोबोडॉग भी आकर्षण का केंद्र रहा। कंपनी ने बताया कि चार पैरों वाला यह रोबोडॉग किसी जानवर के जैसे चलता है और एक इंजीनियर के जैसे प्रॉब्लम को सुलझा सकता है। इस रोबोडॉड का इस्तेमाल कंस्ट्रक्शन साइट, वेयर हाउस और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स में इस्तेमाल के लिए किया गया है।
समिट के दूसरे दिन स्वदेशी स्टार्टअप कंपनी सर्वम (Sarvam) ने अपने 'केज' (Kaze) एआई स्मार्टग्लास का भी प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस स्मार्टग्लास को पहनकर इसका अनुभव किया और जाना कि ये कैसे काम करता है। कंपनी के को-फाउंडर प्रत्युष कुमार ने बताया कि यह डिवाइस एआई को सीधे रोजमर्रा की जिंदगी में लाने के लिए तैयार की गई है।
भारत कर रहा है एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन
बता दें कि राजधानी नई दिल्ली में पांच दिवसीय 'एआई इम्पैक्ट समिट 2026' का आयोजन किया जा रहा है। समिट का समापन 20 फरवरी को होगा। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जा रहा है। इस आयोजन में कई बड़ी हस्तियां शामिल हो रही हैं। फ्रांस के प्रेजिडेंट इमैनुएल मैक्रों इवेंट में शामिल होने भारत पहुंच चुके हैं। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स भी बहुत जल्द भारत पहुंचेंगे।
एआई समिट की अतिथि सूची में कई वैश्विक टेक दिग्गजों के नाम शामिल हैं। इनमें सैम ऑल्टमैन, सुंदर पिचाई, एलेक्जेंडर वांग, डारियो आमोदेई और क्रिस्टियानो आमोन जैसे कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं। वहीं, भारत से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, इंफोसिस के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक सलील पारेख जैसे टेक लीडर्स भी इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं।
एआई इंपैक्ट समिट 2026 का क्या है उद्देश्य?
एआई इम्पैक्ट समिट का मुख्य लक्ष्य कृषि, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई के प्रभाव को बढ़ाना और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है। इसमें दुनिया भर के नीति निर्माता, उद्योग जगत के नेता, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। भारत एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन कर ग्लोबल साउथ का नेतृत्व कर रहा है।
बता दें कि भारत से पहले यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण कोरिया और फ्रांस जैसे देश एआई समिट का आयोजन कर चुके हैं। एआई इम्पैक्ट समिट के जरिए भारत ग्लोबल साउथ का नेतृत्व कर रहा है।
100 से ज्यादा देशों की भागीदारी
एआई समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधी शामिल हो रहे हैं। इसमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा सहित 15-20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 50 से ज्यादा मंत्री इसमें हिस्सा लेंगे। भारत मंडपम के 70,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में 'एआई इम्पैक्ट एक्सपो' लगाया गया है जिसमें 300 से ज्यादा कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। यहां लोग लाइव डेमो के जरिए देख सकेंगे कि एआई असल जिंदगी में कैसे काम करता है।
- Drones: देश में 38,500 से ज्यादा ड्रोन और 40 हजार रिमोट पायलट पंजीकृत, कई क्षेत्रों में बढ़ा उपयोग
- गेमर्स को झटका: Call of Duty Warzone Mobile को बंद करने जा रहा एक्टिविजन, 17 अप्रैल होगा आखिरी दिन
- सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स के लिए जरूरी नहीं रहेगा कोडिंग: इंफोसिस के चेयरमैन ने बताया टेक जॉब्स का भविष्य
- एआई समिट में तय समय से शामिल होंगे बिल गेट्स: फाउंडेशन ने कहा- निमंत्रण रद्द होने की खबरें अफवाह