Independence Day 2021: Snapchat ने लॉन्च किया दिल्ली के लिए पहला लैण्डमार्कर लेंस, ऐसे करें इस्तेमाल

भारत की आजादी का जश्न मनाने के लिए स्नैपचैट ने एतिहासिक इंडिया गेट पर अपना नया लैण्डमार्कर लेंस लॉन्च किया है। यह दिल्ली के लिए पहला लैण्डमार्कर लेंस है। स्नैपचैट के इस लैण्डमार्कर फीचर का अनुभव लेने के लिए स्मारक के आस-पास मौजूद यूजर्स एप के कैमरे को इंडिया गेट पर फोकस करना होगा जिसके बाद तिरंगे से सजा इंडिया गेट तुरंत दिखेगा।
इसकी लॉन्चिंग पर स्नैप इंक. में भारत के लिए मार्केट डेवलपमेंट के हेड दुर्गेश कौशिक ने कहा, 'हम हमेशा फीचर्स बढ़ाने के लिए ऐसे तरीकों की तलाश में रहते हैं, जो भारतीय स्नैपचैटर्स को पसंद आएं। इस स्वतंत्रता दिवस पर हमने अपनी कम्युनिटी के लिये कई तरह के अनुभव निर्मित किए हैं, जो रोमांचक और इमर्सिव हैं। स्नैप के लैण्डमार्कर लेंसेस से ऑगमेंटेड रियलिटी के ऐसे अनुभव मिलते हैं, जो विश्व के सबसे प्रसिद्ध एतिहासिक स्थलों को रियल-टाइम में रूपांतरित कर सकते हैं।'
स्नैपचैट ने स्वतंत्रता दिवस के लिए #MeraBharatMahan कैंपेन भी शुरू किया है। कंपनी के एक बयान के मुताबिक हर दिन औसतन 200 मिलियन से ज्यादा स्नैपचैटर्स एआर से जुड़ते हैं और 2 लाख से ज्यादा क्रिएटर्स कम्युनिटी के लिए एआर लेंसेस बनाने के लिए लेंस स्टूडियो का इस्तेमाल करते हैं।