क्रिकेट प्लेयर मैदान व ड्रेसिंग रूम में नहीं पहन सकेंगे स्मार्टवॉच, ICC ने लगाई रोक

क्रिकेट प्लेयर अब मैच के दौरान स्मार्टवॉच का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने क्रिकेट खिलाड़ियों को मैच के दौरान स्मार्टवॉच पहनने को लेकर चेतावनी जारी की है। आईसीसी ने मैच के अलावा खेल के समय ड्रेसिंग रूम में भी स्मार्टवॉच जैसे संचार उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
आईसीसी ने कहा है कि मैच के दौरान खिलाड़ियों किसी भी ऐसे गैजेट्स के इस्तेमाल पर रोक रहेगी जिसमें इंटरनेट कनेक्शन मौजूद है। खिलाड़ियों को अब ड्रेसिंग रूम में जाने से पहले संचार उपकरणों जैसे- मोबाइल, टैबलेट और स्मार्टवॉच को जमा कना होगा।
आईसीसी का कहना है कि खिलाड़ियों के संचार उपकरणों के इस्तेमाल रोक लगाने का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि मैच फिक्सिंग के किसी भी तरह के आरोपों से खिलाड़ियों को बचाया जा सके। दरअसल लार्ड्स में पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों को ऐसी डिवाइस के साथ देखा गया था।
गुरुवार को पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों असद शफीक और बाबर आजम को मैदान में एप्पल स्मार्टवॉच के साथ देखा गया था जिसके बाद आईसीसी की एेंटी करप्शन यूनिट के अधिकारियों ने इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए स्मार्टवॉच पर बैन लगा दिया। बता दें कि एप्पल के नए सीरीज 3 के स्मार्टवॉच को फोन से कनेक्ट किया जा सकता है और बात भी की जा सकती है।